जनगणना ड्यूटी में लापरवाही पड़ी भारी! बलिया के शिक्षक विनोद कुमार निलंबित, BSA ने बैठाई जांच।

Spread the love

 

बलिया /जनगणना जैसे महत्वपूर्ण राष्ट्रीय कार्य में लापरवाही बरतना एक शिक्षक को भारी पड़ गया। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (बीएसए) बलिया ने जनगणना ड्यूटी में कथित लापरवाही और वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देशों की अवहेलना के आरोप में सहायक अध्यापक विनोद कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार, कंपोजिट विद्यालय इटहीं, शिक्षा क्षेत्र सोहांव में तैनात विनोद कुमार की जनगणना कार्य में ड्यूटी लगाई गई थी। आरोप है कि बार-बार निर्देश दिए जाने के बावजूद उन्होंने जनगणना कार्य शुरू नहीं किया और अधिकारियों द्वारा संपर्क किए जाने पर उनका मोबाइल फोन भी बंद मिला।

चार्ज अधिकारी जनगणना एवं तहसीलदार बलिया की रिपोर्ट के आधार पर बीएसए ने मामले को गंभीर मानते हुए निलंबन की कार्रवाई की। आदेश में कहा गया है कि शिक्षक का यह आचरण सरकारी कार्यों के प्रति उदासीनता और अनुशासनहीनता की श्रेणी में आता है।

निलंबन अवधि के दौरान विनोद कुमार को प्राथमिक विद्यालय रामपुर, शिक्षा क्षेत्र सोहांव से संबद्ध किया गया है। साथ ही मामले की विस्तृत जांच के लिए खंड शिक्षा अधिकारी सीयर सुनील कुमार चौबे को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। उन्हें 15 दिनों के भीतर अपनी जांच रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं।

विभागीय नियमों के अनुसार निलंबन अवधि में संबंधित शिक्षक को जीवन निर्वाह भत्ता प्रदान किया जाएगा। शिक्षा विभाग की इस कार्रवाई के बाद जिले के शिक्षकों और कर्मचारियों के बीच चर्चा का माहौल बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *