बलिया। उत्तर प्रदेश पुलिस में उपनिरीक्षक (नागरिक पुलिस) एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 के अंतर्गत चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेखों की समीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) की तैयारियों का जायजा लेने के लिए पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह ने सोमवार को पुलिस लाइन स्थित DV/PST हॉल का निरीक्षण किया।
गौरतलब है कि चयनित अभ्यर्थियों के अभिलेखों की समीक्षा एवं शारीरिक मानक परीक्षण (DV/PST) की प्रक्रिया 15 जून 2026 से प्रारंभ होकर 17 जून 2026 तक संचालित की जाएगी। इस महत्वपूर्ण प्रक्रिया को निष्पक्ष, पारदर्शी एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक ने व्यवस्थाओं का गहन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान एसपी ओमवीर सिंह ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश देते हुए सभी व्यवस्थाओं को समय से पूर्ण करने तथा अभ्यर्थियों को किसी प्रकार की असुविधा न होने देने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर पुलिस अधीक्षक के जनसंपर्क अधिकारी (पीआरओ) चन्द्रभास्कर द्विवेदी, प्रतिसार निरीक्षक राम बेलास सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।