“कोर्ट में चल रहा मुकदमा, फिर भी निर्माण का आरोप! विरोध करने पर महिला से मारपीट, पीएम-सीएम से लगाई गुहार”

Spread the love

 

बलिया /जनपद के मोहनछपरा क्षेत्र की एक महिला ने रास्ते के विवाद को लेकर विपक्षी पक्ष पर जबरन निर्माण कराने, मारपीट करने तथा पुलिस द्वारा कार्रवाई न किए जाने का आरोप लगाया है। पीड़िता ने मामले में प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री से न्याय दिलाने की मांग की है।

पीड़िता द्वारा दिए गए प्रार्थना पत्र के अनुसार, संबंधित भूमि एवं रास्ते का मामला न्यायालय में दीवानी वाद के रूप में विचाराधीन है। इसके बावजूद विपक्षी पक्ष द्वारा विवादित स्थल पर जबरन निर्माण कार्य कराए जाने का आरोप लगाया गया है।

महिला का कहना है कि 17 जून को वह घर पर अकेली थीं। इसी दौरान विपक्षी पक्ष निर्माण कार्य कराने पहुंचा। जब उन्होंने निर्माण कार्य का विरोध किया और मामला न्यायालय में विचाराधीन होने की बात कही, तो आरोप है कि विपक्षीगणों ने उनके साथ मारपीट की, जिससे वह घायल हो गईं।

पीड़िता के अनुसार, घटना के समय उनकी बेटी बाजार गई हुई थी। सूचना मिलने पर वह घर पहुंची और उन्हें दुबहड़ थाने ले गई, जहां से इलाज के लिए जिला अस्पताल बलिया भेजा गया। जिला अस्पताल में उनका उपचार कराया गया तथा मेडिकल परीक्षण भी कराया गया।

महिला का आरोप है कि घटना की लिखित शिकायत दुबहड़ थाने में देने के बावजूद अब तक आरोपियों के खिलाफ कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है। पीड़ित परिवार का कहना है कि वे मां-बेटी अकेले रहती हैं और विपक्षी दबंग प्रवृत्ति के हैं, जिससे उन्हें अपनी सुरक्षा को लेकर लगातार भय बना हुआ है।

पीड़िता ने प्रशासन से मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई करने, विवादित रास्ते पर यथास्थिति बनाए रखने तथा परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *