बलिया, 26 जून /जनपद में लगातार पड़ रही तेज धूप, भीषण गर्मी और बढ़ते तापमान को देखते हुए जिला प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए बड़ा फैसला लिया है।
जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी (BSA) बलिया मनीष कुमार सिंह द्वारा जारी कार्यालय आदेश के अनुसार 27 जून 2026 से अगले आदेश तक जनपद के परिषदीय, सीबीएसई, आईसीएसई, सहायता प्राप्त, मान्यता प्राप्त, मदरसा तथा अन्य सभी बोर्डों के कक्षा 1 से 8 तक के विद्यालयों में शिक्षण कार्य सुबह 7:00 बजे से 11:30 बजे तक संचालित किया जाएगा।
आदेश में यह भी स्पष्ट किया गया है कि शिक्षक, शिक्षामित्र, अनुदेशक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारी सुबह 7:00 बजे से दोपहर 12:30 बजे तक विद्यालय में उपस्थित रहकर शैक्षणिक, प्रशासनिक एवं अन्य कार्यों का निस्तारण करेंगे।
यह आदेश जिलाधिकारी बलिया के निर्देश पर विद्यार्थियों के स्वास्थ्य की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए जारी किया गया है। सभी संबंधित विद्यालयों को आदेश का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।