बलिया /जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने शनिवार को गड़वार स्थित वृद्धाश्रम का औचक निरीक्षण कर वहां रह रहे बुजुर्गों का हालचाल जाना। निरीक्षण के दौरान उन्होंने वृद्धजनों से सीधे संवाद कर उनके रहन-सहन, खान-पान और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं की जानकारी ली तथा संबंधित अधिकारियों को तत्काल समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
माननीय जनपद न्यायाधीश एवं जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के अध्यक्ष अनिल कुमार झा के मार्गदर्शन तथा उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश पर किए गए इस निरीक्षण में सचिव ने वृद्धाश्रम अधीक्षक को निर्देशित किया कि जिला चिकित्साधिकारी, बलिया से समन्वय कर सभी वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण एवं अस्थि रोग संबंधी विशेष चिकित्सा शिविर शीघ्र आयोजित कराया जाए।
इस दौरान सचिव ने यह भी कहा कि यदि किसी वृद्धजन को किसी प्रकार की विधिक सहायता की आवश्यकता हो तो वे जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया से निःशुल्क सहायता प्राप्त कर सकते हैं।
निरीक्षण के उपरांत वृद्धाश्रम परिसर में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन भी किया गया। शिविर में सचिव चन्द्र प्रकाश तिवारी ने ‘माता-पिता और वरिष्ठ नागरिकों के भरण-पोषण एवं कल्याण अधिनियम, 2007’ सहित वरिष्ठ नागरिकों के अधिकारों और उनसे संबंधित विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी तथा उन्हें अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया।
कार्यक्रम में लेखाकार भूपेन्द्र सिंह, स्टोर कीपर तेजबहादुर, केयरटेकर मुकेश सिंह, दयाशंकर वर्मा सहित वृद्धाश्रम के कर्मचारी एवं सभी आवासित वृद्धजन उपस्थित रहे।