बलिया। जनपद में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत गड़वार थाना पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस ने थाना दुबहड़ में दर्ज लूट के मामले में वांछित ₹25 हजार के इनामी अभियुक्त को अवैध तमंचा, जिंदा कारतूस और लूट की रकम के साथ गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर/सदर सतीश शर्मा एवं थानाध्यक्ष हितेश कुमार के नेतृत्व में गड़वार पुलिस टीम को यह सफलता मिली।
पुलिस के अनुसार, 27 जून 2026 को मुखबिर से सूचना मिली कि एक संदिग्ध व्यक्ति मोटरसाइकिल से जोगापुर की ओर से नहर मार्ग होते हुए रतसड़-गड़वार रोड की तरफ जा रहा है और उसके पास अवैध असलहा है। सूचना के आधार पर पुलिस ने घेराबंदी कर मनू राम पुत्र स्व. उग्रह राम, निवासी ग्राम गजरी (शिवपुर दीयर), थाना कोतवाली, जनपद बलिया को सुबह 9:15 बजे ग्राम जोगापुर के पास गिरफ्तार कर लिया।
तलाशी के दौरान अभियुक्त के कब्जे से एक अवैध .315 बोर का तमंचा, एक जिंदा कारतूस तथा लूट के ₹2,100 बरामद हुए। पूछताछ में अभियुक्त ने थाना दुबहड़ क्षेत्र में हुई लूट की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। उसके विरुद्ध पहले से आर्म्स एक्ट एवं बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं और उस पर ₹25 हजार का इनाम घोषित था।
पुलिस ने अभियुक्त के विरुद्ध आवश्यक विधिक कार्रवाई करते हुए उसे न्यायालय भेज दिया।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम:
– उपनिरीक्षक नीरज कुमार यादव
– हेड कांस्टेबल रविन्द्र यादव
– कांस्टेबल अशोक यादव