बलिया /जनपद बलिया की दुबहड़ थाना पुलिस ने गोतस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से एक पिकअप वाहन में क्रूरता पूर्वक बांधे गए 5 गोवंश बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा एवं क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार, 28 जून 2026 को जनेश्वर मिश्र सेतु के पास वाहन चेकिंग के दौरान मुखबिर की सूचना पर अरुण प्रसाद (19 वर्ष), निवासी नगवां, थाना दुबहड़ को एक पिकअप वाहन के साथ गिरफ्तार किया गया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 5 गोवंश क्रूरता पूर्वक बंधे मिले, जिन्हें सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
इस मामले में थाना दुबहड़ पर मु0अ0सं0 60/2026 के तहत उत्तर प्रदेश गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/8 तथा पशुओं के प्रति क्रूरता निवारण अधिनियम की धारा 11 के अंतर्गत मुकदमा दर्ज किया गया है। गिरफ्तार आरोपी को विधिक कार्रवाई पूरी कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस का कहना है कि जनपद में गोतस्करी और अन्य अपराधों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।