त्रिभुवन नाथ यादव, एडवो-
विधि संवाददाता-बलिया
बलिया /कातिलाना हमला के चर्चित मामले में फरार चल रहे इनामी आरोपी प्रिंस कुमार ने पुलिस को चकमा देते हुए सोमवार को प्रभारी सीजेएम नवनीत कश्यप की अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया। सुनवाई के बाद न्यायालय ने आरोपी को न्यायिक अभिरक्षा में लेते हुए 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेजने का आदेश दिया।
अभियोजन के अनुसार, कोतवाली थाना क्षेत्र के रामपुर उदयभान निवासी हिमांशु कुमार ने कोतवाली थाने में दर्ज कराई गई तहरीर में बताया था कि 22 मार्च 2026 की शाम करीब 7:30 बजे उसका भाई प्रियांशु अपने दोस्त विपुल के साथ बाइक से घर लौट रहा था। आरोप है कि रास्ते में कालिंदी पांडेय की गली में प्रिंस कुमार और उसके अन्य साथियों ने चाकू, डंडा और हथियारों से हमला कर दिया, जिससे दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए।
इस मामले में पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की थी। फरार चल रहे आरोपी प्रिंस कुमार पर इनाम भी घोषित था। सोमवार को आरोपी ने अदालत में आत्मसमर्पण कर दिया, जिसके बाद न्यायालय ने उसे 14 दिन की न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया।