बलिया /रसड़ा पुलिस ने चोरी की कई वारदातों का खुलासा करते हुए दो शातिर आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से ₹1.10 लाख नकद, सोना-चांदी के टंच किए हुए आभूषण, लॉकेट, कान के आभूषण और अन्य सामान बरामद किया है।
पुलिस के अनुसार, 26/27 जून की रात रसड़ा क्षेत्र में बंद मकान का ताला तोड़कर चोरी की गई थी। मामले की जांच के दौरान मुखबिर की सूचना पर उमेश राम और विवेक कुमार सोनी उर्फ शुभम को बनियाबांध मोड़ के पास से गिरफ्तार किया गया।
पूछताछ में मुख्य आरोपी उमेश राम ने कई चोरी की घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। वहीं विवेक कुमार सोनी ने बताया कि वह चोरी के सोने-चांदी के गहनों को गलाकर टंच करता था और उनसे नए आभूषण बनाकर बेच देता था।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से ₹1,10,000 नकद, सोने की टिकिया, चांदी के बिस्किट व टिकिया, लॉकेट, कान के आभूषण और आधार कार्ड बरामद किए हैं। दोनों आरोपियों के खिलाफ कई पुराने आपराधिक मुकदमे भी दर्ज हैं।
पुलिस ने दोनों को न्यायालय में पेश कर आगे की विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है।