बलिया: यूपीटीईटी 2026 को लेकर प्रशासन अलर्ट, 15 केंद्रों पर CCTV और बायोमेट्रिक के बीच होगी परीक्षा।

Spread the love

 

बलिया /उत्तर प्रदेश शिक्षक पात्रता परीक्षा (UPTET) 2026 को पूरी तरह नकलविहीन, पारदर्शी और शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन ने व्यापक तैयारियां पूरी कर ली हैं। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में सेक्टर मजिस्ट्रेट, स्टेटिक मजिस्ट्रेट और केंद्र व्यवस्थापकों के साथ समीक्षा बैठक कर आयोग की गाइडलाइन का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

डीएम ने बताया कि जिले में 2, 3 और 4 जुलाई को परीक्षा आयोजित होगी। इसके लिए 15 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। परीक्षा 2 एवं 3 जुलाई को दो-दो पालियों में तथा 4 जुलाई को एक पाली में होगी। कुल पांच पालियों में आयोजित होने वाली परीक्षा में 30,438 अभ्यर्थी शामिल होंगे।

उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक परीक्षा केंद्र पर सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक सत्यापन, दीवार घड़ी, पेयजल, शौचालय, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था और जनरेटर की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाए। पुलिस ट्रेजरी में कंट्रोल रूम स्थापित किया जाएगा, जहां से परीक्षा की निगरानी की जाएगी।

डीएम ने स्पष्ट किया कि प्रत्येक केंद्र पर सह-व्यवस्थापकों की तैनाती की जाए और केवल निष्पक्ष एवं अच्छी छवि वाले अधिकारियों को ही परीक्षा ड्यूटी में लगाया जाए। परीक्षा संचालन में किसी भी प्रकार की लापरवाही पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

उन्होंने केंद्र व्यवस्थापकों को आयोग द्वारा अनुमत और प्रतिबंधित वस्तुओं की सूची केंद्र के बाहर बैनर के माध्यम से प्रदर्शित करने के निर्देश दिए, ताकि अभ्यर्थियों को पहले से जानकारी मिल सके। साथ ही सभी परीक्षार्थियों की सघन जांच सुनिश्चित करने को कहा गया।

जिलाधिकारी ने यह भी निर्देश दिया कि स्टेटिक मजिस्ट्रेट और सेक्टर मजिस्ट्रेट परीक्षा केंद्र के भीतर मोबाइल फोन नहीं ले जाएंगे। केवल केंद्र व्यवस्थापक को मोबाइल रखने की अनुमति होगी और उसे भी सीसीटीवी मॉनिटरिंग कक्ष के पास ही रखा जाएगा।

बैठक में एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, सभी सेक्टर एवं स्टेटिक मजिस्ट्रेट तथा केंद्र व्यवस्थापक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *