नगर पालिका की लापरवाही पर डीएम सख्त, गंदगी और अव्यवस्था पर जताई नाराजगी।
बलिया। जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को नगर पालिका परिषद कार्यालय का औचक निरीक्षण कर कार्यालय की कार्यप्रणाली का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान कार्यालय में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था, फाइलों का अव्यवस्थित रखरखाव और बायोमेट्रिक मशीन खराब मिलने पर उन्होंने अधिकारियों एवं कर्मचारियों को कड़ी फटकार लगाई।
निरीक्षण के दौरान डीएम कर अनुभाग पहुंचे और नगर पालिका की संपत्तियों से संबंधित रजिस्टर का निरीक्षण किया। रजिस्टर जर्जर अवस्था में मिलने पर उन्होंने संबंधित बड़े बाबू को फटकार लगाते हुए दो दिनों के भीतर नगर पालिका की सभी संपत्तियों की अद्यतन सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। उन्होंने मृत्यु प्रमाण पत्र जारी करने की प्रक्रिया की भी जानकारी ली।
कार्यालय में बायोमेट्रिक मशीन खराब मिलने पर जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को नोटिस जारी करने के निर्देश दिए। साथ ही एक सप्ताह के भीतर नई बायोमेट्रिक मशीन स्थापित करने तथा सभी अधिकारियों और कर्मचारियों की समय पर बायोमेट्रिक उपस्थिति सुनिश्चित करने का आदेश दिया।
उपस्थिति रजिस्टर की जांच में 14 कर्मचारी अनुपस्थित पाए गए। इस पर डीएम ने नाराजगी जताते हुए सभी अनुपस्थित कर्मचारियों का एक दिन का वेतन काटने के आदेश दिए।
जिलाधिकारी ने चेतावनी दी कि अगली बार निरीक्षण में कार्यालय में गंदगी या अव्यवस्था मिलने पर संबंधित कर्मचारियों का वेतन काटकर उसी राशि से सफाई व्यवस्था कराई जाएगी। उन्होंने सभी कर्मचारियों को कार्यालय की साफ-सफाई, अभिलेखों के सुव्यवस्थित रखरखाव तथा समयबद्ध और ईमानदारी से कार्य करने के निर्देश दिए।
शहर में विभिन्न स्थानों पर कूड़ा जमा होने पर भी डीएम ने नाराजगी जताई और नगर पालिका अधिकारियों को तत्काल सफाई व्यवस्था दुरुस्त करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट चेतावनी दी कि यदि शीघ्र सुधार नहीं हुआ तो शासन को कार्रवाई की संस्तुति भेजी जाएगी। डीएम ने दो टूक कहा कि लापरवाही किसी भी स्तर पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी।