बलिया: एसपी ने बांसडीह रोड थाने का किया निरीक्षण, नए आरक्षी बैरक का किया उद्घाटन।

Spread the love

 

बलिया /पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने बुधवार को थाना बांसडीह रोड का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने थाने में नवनिर्मित आरक्षी बैरक का फीता काटकर उद्घाटन किया और थाना परिसर, भवन तथा बैरकों का बारीकी से निरीक्षण कर आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान एसपी ने पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को YAKSH (यक्ष) ऐप की जानकारी देते हुए बताया कि यह AI आधारित आधुनिक डिजिटल प्लेटफॉर्म है, जिसकी मदद से अपराधियों की रियल-टाइम निगरानी, फेस रिकग्निशन, वॉयस सर्च और गैंग एनालिसिस जैसे कार्य अधिक प्रभावी ढंग से किए जा सकेंगे। इससे अपराध नियंत्रण और पुलिस की कार्यप्रणाली को और मजबूत बनाया जाएगा।

उन्होंने बीट पुलिसिंग को और प्रभावी बनाने के लिए C-Plan ऐप के उपयोग पर भी जोर दिया। एसपी ने कहा कि किसी भी संवेदनशील घटना या आपात स्थिति में फोटो और लोकेशन अपलोड करते ही सूचना तत्काल वरिष्ठ अधिकारियों से लेकर डीजीपी कार्यालय तक पहुंच जाएगी। साथ ही बीट अधिकारियों को अपने क्षेत्र के गणमान्य नागरिकों, वरिष्ठ नागरिकों और स्थानीय समितियों के संपर्क में रहकर विवादों का शांतिपूर्ण निस्तारण करने, नियमित भ्रमण, रात्रि गश्त और नागरिक चौपाल आयोजित करने के निर्देश दिए।

एसपी ने थाना परिसर की साफ-सफाई, कार्यालय के अभिलेखों के सुव्यवस्थित रख-रखाव तथा कंप्यूटर और अन्य उपकरणों की नियमित देखभाल सुनिश्चित करने के भी निर्देश दिए।

इस अवसर पर अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र, थानाध्यक्ष वंश बहादुर सिंह सहित अन्य पुलिस अधिकारी और कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *