बलिया /जिले में 01 से 07 जुलाई तक आयोजित होने वाले वन महोत्सव का शुभारंभ बुधवार को उत्साहपूर्वक किया गया। पहले दिन जिले की सभी वन रेंजों में जनप्रतिनिधियों, अधिकारियों और स्थानीय ग्रामीणों की सहभागिता से व्यापक वृक्षारोपण अभियान चलाया गया।
मुख्य कार्यक्रम श्री मुरली मनोहर टाउन स्नातकोत्तर महाविद्यालय, बलिया में आयोजित हुआ, जहां जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने पीपल का पौधा लगाकर वन महोत्सव का शुभारंभ किया। इस दौरान अधिकारियों ने भी अपने-अपने नाम से पौधे लगाए और कुल पांच पौधों का रोपण किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाधिकारी ने कहा कि केवल पौधे लगाना ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि उन्हें पेड़ बनने तक सुरक्षित रखना और उनकी नियमित देखभाल करना भी सभी की जिम्मेदारी है। उन्होंने शिक्षकों, विद्यार्थियों और आमजन से अधिक से अधिक वृक्ष लगाने तथा पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया।
कार्यक्रम का संयोजन प्रभागीय निदेशक, सामाजिक वानिकी प्रभाग, बलिया द्वारा किया गया। उन्होंने लोगों से अपील की कि वे स्वयं वृक्षारोपण करें और विभिन्न विभागों द्वारा लगाए गए पौधों की सुरक्षा में भी सहयोग करें, ताकि अधिक से अधिक पौधे जीवित रह सकें।
इस अवसर पर महाविद्यालय के प्राचार्य, शिक्षक, शिक्षणेत्तर कर्मचारी, बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं, उप प्रभागीय वनाधिकारी, क्षेत्रीय वनाधिकारी बलिया तथा वन विभाग के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।