बलिया पुलिस का 2 दिन का मेगा ट्रैफिक एक्शन: 1274 वाहनों का चालान, 8 सीज, 19.43 लाख का जुर्माना।

Spread the love

 

बलिया /सड़क सुरक्षा और यातायात नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए बलिया पुलिस ने दो दिवसीय विशेष अभियान चलाकर बड़े पैमाने पर कार्रवाई की। अभियान के दौरान 1274 वाहनों का चालान, 8 वाहनों को सीज किया गया तथा कुल ₹19,43,400 का जुर्माना लगाया गया। इसके साथ ही जब्त किए गए अवैध प्रेशर हॉर्न, अनधिकृत हूटर और मॉडिफाइड साइलेंसर का विनिष्टीकरण भी किया गया।

पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिण) संजय वर्मा तथा क्षेत्राधिकारी यातायात मंजरी राव के पर्यवेक्षण में यातायात पुलिस और जनपदीय पुलिस ने संयुक्त रूप से यह अभियान चलाया।

अभियान के दौरान यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई की गई। पुलिस ने जातिसूचक या भड़काऊ शब्द लिखी नंबर प्लेट वाले 39 वाहनों, ड्रंक एंड ड्राइव के 7 वाहनों, मॉडिफाइड साइलेंसर वाले 9 वाहनों, बिना हेलमेट चल रहे 793 दोपहिया वाहनों तथा ट्रिपल राइडिंग कर रहे 109 वाहनों का चालान किया। वहीं, बिना वैध अभिलेखों वाले 8 वाहनों को सीज कर दिया गया।

कार्रवाई के बाद प्रभारी यातायात अनवर अली खान ने जब्त किए गए मॉडिफाइड साइलेंसर, प्रेशर हॉर्न और हूटर का विनिष्टीकरण कराया। उन्होंने कहा कि अवैध हूटर, प्रेशर हॉर्न और मॉडिफाइड साइलेंसर का प्रयोग कानूनन दंडनीय है और ऐसे वाहनों के खिलाफ आगे भी सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

विशेष अभियान के दौरान पुलिस ने लोगों को सड़क सुरक्षा के प्रति जागरूक भी किया। दोपहिया वाहन चालकों से हेलमेट पहनने, ट्रिपल राइडिंग से बचने तथा चारपहिया वाहन चालकों से सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करने की अपील की गई। पुलिस ने कहा कि यातायात नियमों का पालन ही सुरक्षित यात्रा और दुर्घटनाओं से बचाव का सबसे प्रभावी उपाय है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *