मनियर पुलिस की बड़ी कार्रवाई, कोर्ट के आदेश पर हजारों लीटर अवैध शराब की गई नष्ट।

Spread the love

 

बलिया /जनपद में अवैध शराब के कारोबार पर लगातार कार्रवाई करते हुए ‘ऑपरेशन क्लीन’ अभियान के तहत मनियर थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। न्यायालय के आदेश के अनुपालन में वर्ष 2024 और 2025 के आबकारी मामलों में बरामद 2150 लीटर अवैध देशी (कच्ची) शराब का विधिवत विनष्टीकरण किया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन तथा अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) दिनेश कुमार शुक्ल के पर्यवेक्षण में क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र और थानाध्यक्ष मनियर अजय कुमार त्रिपाठी के नेतृत्व में सोमवार को यह कार्रवाई की गई।


पुलिस के अनुसार, न्यायालय सिविल जज (जूनियर डिवीजन)/न्यायिक मजिस्ट्रेट पश्चिमी, बलिया के आदेश पर वर्ष 2024 एवं 2025 में दर्ज 123 आबकारी अभियोगों में बरामद कुल 2150 लीटर अवैध कच्ची शराब को थाना परिसर के समीप पर्याप्त गहराई का गड्ढा खोदकर नष्ट किया गया। पूरी प्रक्रिया की वीडियोग्राफी भी कराई गई ताकि कार्रवाई पूरी तरह पारदर्शी रहे।
इस दौरान उपजिलाधिकारी बांसडीह, जिला आबकारी अधिकारी बलिया, क्षेत्राधिकारी बांसडीह जयशंकर मिश्र, थानाध्यक्ष मनियर अजय कुमार त्रिपाठी तथा हेड मोहऱ्रिर योगेन्द्र यादव सहित अन्य अधिकारी मौजूद रहे।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि जनपद में अवैध शराब के निर्माण, तस्करी और बिक्री के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *