बलिया पुलिस का बड़ा एक्शन: चोरी की गाय बेचने जा रहा शातिर गिरफ्तार, फरार साथी की तलाश तेज।

Spread the love

 

बलिया /जनपद के थाना बांसडीहरोड पुलिस ने गोवंश चोरी के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से चोरी की गई एक गाय बरामद की है। पुलिस फरार दूसरे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस अधीक्षक बलिया श्री ओमवीर सिंह के निर्देशन में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत अपर पुलिस अधीक्षक (उत्तरी) श्री दिनेश कुमार शुक्ला के पर्यवेक्षण एवं क्षेत्राधिकारी बांसडीह श्री जयशंकर मिश्रा के नेतृत्व में थाना बांसडीहरोड पुलिस टीम ने यह कार्रवाई की।

थाना बांसडीहरोड के उपनिरीक्षक सतीश यादव अपनी टीम के साथ क्षेत्र में गश्त, संदिग्ध व्यक्तियों की चेकिंग तथा गोवंश चोरी के मुकदमे की विवेचना कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि दो व्यक्ति एक गाय को पेड़ से बांधकर बेचने की फिराक में खड़े हैं। सूचना पर पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की, जहां से रूस्तम अहमद (35 वर्ष) निवासी कसाब टोला, काजीपुरा, थाना कोतवाली को गिरफ्तार कर लिया, जबकि उसका साथी नवाजीश अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।

पूछताछ में गिरफ्तार आरोपी ने स्वीकार किया कि उसने अपने साथी के साथ मिलकर 23 जुलाई 2026 को थाना बांसडीहरोड क्षेत्र के ग्राम दिउली से गाय चोरी की थी। पुलिस ने आरोपी की निशानदेही पर चोरी की गई गाय बरामद कर उसके वास्तविक मालिक से पहचान कराने के बाद नियमानुसार सुपुर्द कर दिया।

इस मामले में पहले से दर्ज मुकदमे में बरामदगी के आधार पर संबंधित धाराओं की बढ़ोतरी की गई है। गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय भेज दिया गया है, जबकि फरार आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार गिरफ्तार आरोपी रूस्तम अहमद के खिलाफ पहले भी आपराधिक मुकदमा दर्ज है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *