बलिया /जनपद में गो-तस्करी के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत सुखपुरा थाना पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए दो अलग-अलग मामलों में कुल 15 गो-तस्करों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 14 पिकअप वाहन और 13 गोवंश बरामद किए हैं। सभी आरोपियों के विरुद्ध गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता अधिनियम तथा बीएनएस की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय भेज दिया गया।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक (दक्षिणी) संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी नगर सतीश कुमार शर्मा एवं थाना प्रभारी रत्नेश कुमार दूबे के नेतृत्व में यह कार्रवाई की गई।
पुलिस के अनुसार 28 जुलाई को मुखबिर की सूचना पर करम्मर नहर पुलिया के पास चेकिंग के दौरान पहली कार्रवाई में 8 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया। उनके कब्जे से 7 पिकअप वाहन और 7 गोवंश बरामद किए गए। इसके आधार पर थाना सुखपुरा में मुकदमा दर्ज कर सभी आरोपियों को न्यायालय भेज दिया गया।
इसी दिन दूसरी कार्रवाई में दुर्गीपुर पुलिया के पास पुलिस ने 7 अन्य आरोपियों को गिरफ्तार किया। इनके कब्जे से 7 पिकअप वाहन और 6 गोवंश बरामद हुए। पुलिस ने सभी वाहनों को कब्जे में लेकर आरोपियों के खिलाफ विधिक कार्रवाई पूरी की।
दोनों मामलों में थाना सुखपुरा पर गोवध निवारण अधिनियम की धारा 3/5A/8, पशु क्रूरता अधिनियम की धारा 11 तथा बीएनएस की धारा 111 के तहत मुकदमे दर्ज किए गए हैं।
पुलिस का कहना है कि जनपद में गो-तस्करी के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और इस अवैध कारोबार में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।