जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव ने चाइल्ड हेल्पलाइन का किया औचक निरीक्षण

Spread the love

 

बलिया /माननीय उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देशानुसार एवं माननीय जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया  अनिल कुमार झा के मार्गदर्शन में गुरुवार को जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के सचिव श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी ने चाइल्ड हेल्पलाइन, बलिया का औचक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान सचिव ने चाइल्ड हेल्पलाइन में अनुरक्षित विभिन्न रजिस्टरों का गहन अवलोकन किया तथा अभिलेखों की जांच की। उन्होंने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि पीड़ित एवं जरूरतमंद बच्चों के साथ स्नेहपूर्ण, संवेदनशील और सहयोगात्मक व्यवहार किया जाए। साथ ही बच्चों की समुचित मनोवैज्ञानिक काउंसिलिंग सुनिश्चित करने पर विशेष बल दिया।  तिवारी ने यह भी निर्देश दिया कि बाल कल्याण समिति (सीडब्ल्यूसी) से आदेश प्राप्त होने के उपरांत गुमशुदा बच्चों को सुरक्षित एवं सुविधाजनक ढंग से उनके अभिभावकों तक पहुंचाने के लिए आवश्यक कार्रवाई तत्परता से की जाए।
निरीक्षण के समय चाइल्ड हेल्पलाइन की कर्मचारी श्रीमती आकांक्षा एवं  आकाश उपस्थित रहे। जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की इस कार्रवाई का उद्देश्य बाल संरक्षण सेवाओं की गुणवत्ता सुनिश्चित करना तथा पीड़ित बच्चों को बेहतर सहायता एवं संरक्षण उपलब्ध कराना है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *