बलिया /उत्तर प्रदेश राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण, लखनऊ के निर्देश एवं जनपद न्यायाधीश/अध्यक्ष, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया श्री अनिल कुमार झा के आदेशानुसार गुरुवार को हरिशंकर प्रसाद विधि महाविद्यालय, चितबड़ागांव में विधिक साक्षरता एवं जागरूकता शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव श्री चन्द्र प्रकाश तिवारी के मार्गदर्शन में संपन्न हुआ।
शिविर को संबोधित करते हुए जिला विधिक सेवा प्राधिकरण, बलिया के चीफ लीगल एड डिफेन्स काउंसिल डॉ. हंसराज तिवारी ने कहा कि जिला विधिक सेवा प्राधिकरण का उद्देश्य आर्थिक और सामाजिक रूप से कमजोर वर्गों को निःशुल्क कानूनी सहायता उपलब्ध कराना है, ताकि कोई भी व्यक्ति आर्थिक तंगी के कारण न्याय से वंचित न रहे।
उन्होंने छात्र-छात्राओं को महिलाओं के संवैधानिक अधिकार, घरेलू हिंसा से संरक्षण अधिनियम, दहेज निषेध अधिनियम, कार्यस्थल पर महिलाओं के यौन उत्पीड़न से संरक्षण कानून, बाल विवाह प्रतिषेध अधिनियम सहित महिलाओं की सुरक्षा से जुड़े विभिन्न कानूनी प्रावधानों की विस्तृत जानकारी दी। साथ ही निःशुल्क विधिक सहायता, शिकायत निवारण व्यवस्था और विभिन्न हेल्पलाइन सेवाओं के बारे में भी जागरूक किया।
डॉ. तिवारी ने कहा कि कानून की जानकारी हर नागरिक के लिए जरूरी है। युवाओं को अपने अधिकारों और कर्तव्यों के प्रति जागरूक होकर महिला सम्मान, लैंगिक समानता और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभानी चाहिए।
उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय विधिक सेवा प्राधिकरण (NALSA) द्वारा एलएसएमएस पोर्टल और टोल-फ्री हेल्पलाइन 15100 संचालित की जा रही है, जिसके माध्यम से घर बैठे भी निःशुल्क कानूनी सहायता प्राप्त की जा सकती है।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्रबंधक डॉ. धर्मात्मानंद, विभागाध्यक्ष शौकत खान, अभय कुमार श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। अंत में सभी ने विधिक जागरूकता को समाज के अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने का संकल्प लिया।