बलिया /मत्स्य पालन से जुड़कर सरकारी योजनाओं का लाभ लेने के इच्छुक लोगों के लिए अच्छी खबर है। मत्स्य पालन विभाग ने वित्तीय वर्ष 2026-27 की 7 प्रमुख राज्य सेक्टर योजनाओं में ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि बढ़ाकर 10 अगस्त 2026 कर दी है। पहले आवेदन की अंतिम तिथि 5 अगस्त निर्धारित थी।
मुख्य कार्यकारी अधिकारी, मत्स्य पालक विकास अभिकरण विकास कुमार ने बताया कि अधिक से अधिक लाभार्थियों को योजनाओं से जोड़ने के उद्देश्य से विभागीय पोर्टल को 10 अगस्त तक खुला रखा गया है। इच्छुक अभ्यर्थी विभाग की वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
इन योजनाओं में मुख्यमंत्री मत्स्य सम्पदा योजना, एरेशन सिस्टम स्थापना, निषादराज बोट सब्सिडी योजना, मोपेड विद आइस बॉक्स परियोजना, माता सुकेता महिला मत्स्य सशक्तिकरण परियोजना, नए तालाब निर्माण एवं प्रथम वर्ष निवेश, उत्तर प्रदेश मोती संवर्धन योजना तथा विशिष्ट प्रजाति की मत्स्य हैचरी स्थापना योजना शामिल हैं।
विभाग ने स्पष्ट किया है कि प्रत्येक योजना के लिए अलग-अलग ऑनलाइन आवेदन करना होगा। साथ ही, जिन आवेदकों के आवेदन पिछले वर्षों में निरस्त हो गए थे या लंबित हैं, वे भी पुनः आवेदन कर सकते हैं।
योजनाओं से संबंधित विस्तृत जानकारी विभागीय वेबसाइट पर उपलब्ध है। किसी भी प्रकार की सहायता के लिए इच्छुक व्यक्ति कार्य दिवसों में मत्स्य पालक विकास अभिकरण, बनकटा, बलिया कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं।