शिवरामपुर घाट पर मातम: गंगा में डूबे अधिवक्ता दंपती, महिला का शव मिला, पति की तलाश जारी।
बलिया /शहर के शिवरामपुर गंगा घाट पर सोमवार की शाम स्नान करने के दौरान एक दर्दनाक हादसे में कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष और उनकी पत्नी गंगा में डूब गए। मंगलवार सुबह पुलिस ने महिला का शव जनेश्वर मिश्र सेतु के पास से बरामद कर लिया, जबकि अधिवक्ता ओमप्रकाश दूबे की तलाश मंगलवार देर शाम तक जारी रही।
जानकारी के अनुसार बांसडीहरोड थाना क्षेत्र के फरसाटार गांव निवासी करीब 55 वर्षीय अधिवक्ता ओमप्रकाश दूबे, जो कलक्ट्रेट बार एसोसिएशन के पूर्व अध्यक्ष रह चुके हैं, बलिया शहर के टैगोर नगर में भी मकान बनाकर रहते हैं। बताया जा रहा है कि सोमवार देर शाम वह अपनी 50 वर्षीय पत्नी इंदू देवी के साथ बाइक से शिवरामपुर गंगा घाट पहुंचे थे। घर पर रुद्राभिषेक कार्यक्रम के लिए दोनों गंगा स्नान करने गए थे।
बताया जा रहा है कि स्नान के दौरान इंदू देवी अचानक गहरे पानी में चली गईं और डूबने लगीं। पत्नी को बचाने के प्रयास में ओमप्रकाश दूबे भी गहरे पानी में चले गए और देखते ही देखते दोनों गंगा में डूब गए।
देर रात तक दोनों के घर नहीं लौटने पर परिजनों ने उनकी तलाश शुरू की। मंगलवार सुबह अधिवक्ता की बाइक और अन्य सामान गंगा नदी के किनारे मिला। इसी दौरान जनेश्वर मिश्र सेतु के पास नदी से इंदू देवी का शव बरामद हुआ। शिनाख्त के बाद पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में अधिवक्ता बलिया शहर की बिचलाघाट पुलिस चौकी और जिला अस्पताल स्थित पोस्टमार्टम हाउस पहुंच गए। हादसे की जानकारी मिलते ही पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर एसडीआरएफ की टीम शिवरामपुर घाट पहुंची और गंगा में अधिवक्ता की तलाश शुरू की।
एसडीआरएफ और पुलिस टीम ने काफी देर तक नदी में खोजबीन की, लेकिन मंगलवार शाम तक अधिवक्ता ओमप्रकाश दूबे का कोई सुराग नहीं मिल सका। घटना के बाद परिजनों के साथ अधिवक्ता समाज में भी शोक की लहर है।