तिरंगे के रंग में रंगा बलिया! तीन मंत्रियों की अगुवाई में निकली भव्य यात्रा, 65 मीटर तिरंगे ने खींचा आकर्षण।

Spread the love

 

बलिया में तिरंगा यात्रा का दिखा भव्य नजारा, गूंजा वंदे मातरम।

बलिया /हर घर तिरंगा अभियान-2026 के तहत गुरुवार को बलिया में भव्य तिरंगा यात्रा निकाली गई। प्रभारी मंत्री दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह और अल्पसंख्यक कल्याण राज्यमंत्री दानिश आजाद अंसारी के नेतृत्व में कलेक्ट्रेट से शहीद पार्क तक निकली यात्रा में दो हजार से अधिक लोगों ने हिस्सा लिया।

कलेक्ट्रेट से शुरू हुई यात्रा टीडी कॉलेज चौराहा, ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन, माल गोदाम रोड और हनुमान मंदिर होते हुए शहीद पार्क चौक पहुंची। हाथों में तिरंगा लिए युवाओं, महिलाओं, अधिकारियों, कर्मचारियों, जनप्रतिनिधियों और आम नागरिकों के कदम बढ़े तो पूरा शहर राष्ट्रभक्ति के रंग में नजर आया।

यात्रा के दौरान देशभक्ति के गीतों और ‘वंदे मातरम’ के नारों से शहर गूंज उठा। रास्ते में जगह-जगह लोगों ने तिरंगा यात्रा का स्वागत किया। यात्रा का सबसे बड़ा आकर्षण 65 मीटर लंबा तिरंगा रहा, जिसे लोगों ने अपने कंधों पर लेकर आगे बढ़ाया।

शहीद पार्क चौक पर यात्रा के समापन के दौरान वक्ताओं ने कहा कि हर घर तिरंगा अभियान केवल एक आयोजन नहीं, बल्कि राष्ट्रीय ध्वज के प्रति सम्मान और देशभक्ति की भावना को मजबूत करने का अभियान है। तिरंगा देश की एकता, अखंडता और गौरव का प्रतीक है।

यात्रा में विधायक केतकी सिंह, जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी आलोक कुमार, भाजपा जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा समेत जिला स्तरीय अधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में नागरिक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *