बलिया /प्रदेश के 78 हजार से अधिक उचित दर विक्रेताओं (कोटेदारों) के लिए योगी सरकार ने बड़ा फैसला लिया है। कोटेदारों के लाभांश को ₹90 से बढ़ाकर ₹125 प्रति कुंतल कर दिया गया है। इसके साथ ही सिंगल स्टेज डोर-स्टेप डिलीवरी के तहत ई-पास आधारित उचित दर विक्रेता फीडबैक प्रणाली का भी शुभारंभ किया गया।
सोमवार को विकास भवन सभागार में आयोजित कार्यक्रम में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस दौरान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के लाइव प्रसारण का भी प्रदर्शन किया गया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा ने लाभांश बढ़ाए जाने के फैसले को कोटेदारों के हित में ऐतिहासिक कदम बताया। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रति आभार जताते हुए कहा कि सरकार समाज के सभी वर्गों के हितों का ध्यान रख रही है। लंबे समय से चली आ रही उचित दर विक्रेताओं की मांग को पूरा किया गया है।
उन्होंने कहा कि कोटेदार पूरी मेहनत और जिम्मेदारी के साथ सरकारी खाद्यान्न वितरण व्यवस्था को संचालित कर रहे हैं। उन्होंने देश और प्रदेश के विकास में सभी से सहयोग करने तथा स्वदेशी वस्तुओं को अपनाने की अपील की।
कार्यक्रम में अधिकारियों ने बताया कि ई-पास आधारित फीडबैक व्यवस्था लागू होने से खाद्यान्न वितरण प्रणाली में पारदर्शिता और जवाबदेही को और मजबूती मिलने की उम्मीद है। इससे उचित दर दुकानों से संबंधित फीडबैक को डिजिटल माध्यम से दर्ज किया जा सकेगा।
कार्यक्रम में सीडीओ आलोक कुमार, डीडीओ आनंद प्रकाश, जिले के सभी कोटेदार एवं संबंधित अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।