बलिया डाक मंडल में धूमधाम से मना 80वां स्वतंत्रता दिवस, उत्कृष्ट कर्मचारियों को मिला सम्मान।

Spread the love

 

बलिया /बलिया डाक मंडल में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह शनिवार को हर्षोल्लास एवं देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। समारोह की अध्यक्षता अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार श्रीवास्तव ने की। कार्यक्रम का शुभारंभ ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ हुआ।
समारोह में बलिया डाक मंडल के विभिन्न उपमंडलों के अधिकारी, परिवाद निरीक्षक, डाकपाल, उपडाकपाल, शाखा डाकपाल सहित बड़ी संख्या में डाक कर्मचारी उपस्थित रहे। अधिकारियों एवं कर्मचारियों की उत्साहपूर्ण भागीदारी से पूरा परिसर देशभक्ति के रंग में सराबोर नजर आया।


इस दौरान वित्तीय वर्ष 2026-27 की प्रथम तिमाही में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले कर्मचारियों को प्रशस्ति-पत्र एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया। कर्मचारियों का चयन विभिन्न कार्यक्षेत्रों में लक्ष्य प्राप्ति, बेहतर कार्य निष्पादन एवं उल्लेखनीय योगदान के आधार पर किया गया।
बचत खाता वर्ग में अमित कुमार गुप्ता, उपडाकपाल भृगु आश्रम; उषा चौधरी, उपडाकपाल रेवती तथा जितेंद्र सिंह, उपडाकपाल रतसर को सम्मानित किया गया। वहीं डाक जीवन बीमा श्रेणी में मनीष सिंह, उपडाकपाल सिकंदरपुर बस स्टैंड; शशिकांत गुप्ता, उपडाकपाल खेवसर तथा परशुराम, उपडाकपाल गढ़मलपुर को पुरस्कार मिला।
शाखा डाकपाल वर्ग में काशीनाथ प्रसाद, निर्भय नारायण सिंह, शिवजी प्रसाद, कृष्ण माधव, वैजयंती देवी एवं अमलेश सिंह को सम्मानित किया गया। डाक वितरण में शिवम् सोनी, गौरव, तारा मिश्र, सुरेन्द्र यादव, राजाराम चौहान एवं वेद प्रकाश को पुरस्कार प्रदान किया गया। वहीं कुशल मॉनिटरिंग के लिए आकाश शर्मा एवं धीरज राय को प्रशस्ति एवं पुरस्कार देकर सम्मानित किया गया।


इस अवसर पर अधीक्षक डाकघर राजीव कुमार श्रीवास्तव ने कर्मचारियों की लगन, निष्ठा, कर्तव्यपरायणता और उत्कृष्ट कार्य की सराहना की। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों का समर्पण और बेहतर कार्य निष्पादन ही डाक मंडल की प्रगति की मजबूत नींव है। उन्होंने सभी कर्मचारियों से भविष्य में भी इसी उत्साह और सेवा भावना के साथ कार्य करते हुए आमजन तक डाक विभाग की सेवाओं का अधिकतम लाभ पहुंचाने का आह्वान किया।
उन्होंने कहा कि डाक विभाग की सेवाओं को जन-जन तक पहुंचाकर ‘डाक सेवा, जन सेवा’ की भावना को और मजबूत किया जाना चाहिए।
कार्यक्रम के अंत में उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के प्रति आभार व्यक्त किया गया। देशभक्ति के जयघोष के साथ स्वतंत्रता दिवस समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *