नाग पंचमी पर भृगु आश्रम के प्राचीन विश्वकर्मा मंदिर में गूंजे भजन, जादूगर ओपी शर्मा जूनियर ने बांधा समां।

Spread the love

 

बलिया /भृगु आश्रम स्थित प्राचीन विश्वकर्मा मंदिर परिसर में जिला विश्वकर्मा समिति के तत्वावधान में नाग पंचमी के अवसर पर नाग पंचमी विश्वकर्मा पूजा समारोह श्रद्धा और उत्साह के साथ आयोजित किया गया। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं और विश्वकर्मा समाज के लोगों ने भाग लिया। समारोह के मुख्य अतिथि प्रसिद्ध जादूगर ओपी शर्मा जूनियर रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ विधि-विधान से पूजन-अर्चन और हवन के साथ हुआ। श्रद्धालुओं ने हवन में आहुति देकर परिवार एवं समाज की सुख-समृद्धि की कामना की। इसके बाद श्रद्धालुओं में प्रसाद का वितरण किया गया।
मुख्य अतिथि जादूगर ओपी शर्मा जूनियर ने कहा कि बलिया उनकी मातृभूमि है और यहां आकर उन्हें विशेष खुशी होती है। उन्होंने कहा कि बदलते दौर में विश्वकर्मा समाज को अपनी पारंपरिक कला एवं कौशल को आधुनिक तकनीक से जोड़ते हुए नई पीढ़ी को शिक्षा, कौशल विकास और रोजगार के अवसरों से जोड़ना होगा।
उन्होंने कहा कि भगवान विश्वकर्मा सृजन, निर्माण और शिल्प-कौशल के प्रतीक हैं। विश्वकर्मा समाज ने अपने हुनर, मेहनत और तकनीकी दक्षता के माध्यम से देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने समाज के लोगों से एकजुट होकर शिक्षा और रोजगार के क्षेत्र में आगे बढ़ने का आह्वान किया।

जादूगर ओपी शर्मा जूनियर ने बलिया में जल्द विशेष जादू शो आयोजित करने की घोषणा भी की। उन्होंने कहा कि इस शो में विश्वकर्मा वंशजों के लिए नि:शुल्क प्रवेश की व्यवस्था की जाएगी। यह कार्यक्रम बलिया की जनता और विश्वकर्मा समाज के लोगों के लिए विशेष रूप से आयोजित किया जाएगा।
धार्मिक अनुष्ठानों के बाद सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। चिंटू सेवक महाराज और चन्द्रशेखर शर्मा ने एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। वहीं जादूगर ओपी शर्मा जूनियर ने अपनी शानदार जादुई प्रस्तुतियों से लोगों का भरपूर मनोरंजन किया।
पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राम अवध शर्मा ने नाग पंचमी के धार्मिक एवं सांस्कृतिक महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि यह भारतीय सनातन परंपरा का महत्वपूर्ण पर्व है। उन्होंने कहा कि पर्व प्रकृति, जीव-जंतुओं और पर्यावरण के प्रति सम्मान का संदेश देता है। उन्होंने समाज में शिक्षा, एकता और आपसी सहयोग को बढ़ावा देने पर भी जोर दिया।


समारोह के अंत में जिला विश्वकर्मा समिति के अध्यक्ष एडवोकेट नन्द किशोर शर्मा ने मुख्य अतिथि ओपी शर्मा जूनियर एवं विशिष्ट अतिथि पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष राम अवध शर्मा को स्मृति चिन्ह और अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। आयोजकों ने सभी अतिथियों, श्रद्धालुओं एवं विश्वकर्मा समाज के लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर अरुण शर्मा, राम जी शर्मा, अमरेश कुमार शर्मा, कमला शंकर शर्मा, अनिता शर्मा, शिवकुमार शर्मा, रमेश शर्मा, प्रदीप शर्मा, कृष्ण मुरारी शर्मा, दिग्विजय शर्मा, विंध्यवासिनी शर्मा, चंदन शर्मा, संदीप शर्मा, रामकुंवर शर्मा, गोपाल विश्वकर्मा, टनमन शर्मा सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। धार्मिक एवं सांस्कृतिक कार्यक्रमों के साथ समारोह का समापन हुआ।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *