जिला जज ने शहीदों को किया नमन, बुजुर्ग अधिवक्ताओं के सम्मान को बताया अनोखा कार्यक्रम।

Spread the love

 

जिला जज अनिल कुमार झा ने शहीदों को श्रद्धांजलि देकर किया नमन।

त्रिभुवन नाथ यादव एडवो-
विधि संवाददाता, बलिया

बलिया /शहीदों के बलिदान दिवस के अवसर पर क्रिमिनल एंड रेवेन्यू बार एसोसिएशन की ओर से दीवानी न्यायालय स्थित सेंट्रल हॉल में श्रद्धांजलि एवं सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार झा मुख्य अतिथि के रूप में शामिल हुए।

कार्यक्रम का शुभारंभ जिला जज अनिल कुमार झा ने मां सरस्वती के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं दीप प्रज्ज्वलित कर किया। इस दौरान उन्होंने प्रथम स्वतंत्रता संग्राम के सेनानी मंगल पांडेय और बलिया के स्वतंत्रता सेनानी चित्तू पांडेय समेत सभी शहीदों को श्रद्धापूर्वक नमन किया।

अपने संबोधन में जिला जज ने कहा कि देश अपने वीर शहीदों के बलिदान को कभी नहीं भूल सकता। उनके त्याग और संघर्ष के कारण ही आज हम स्वतंत्रता का अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने शहीदों के प्रति श्रद्धा सुमन अर्पित करते हुए उन्हें भावपूर्ण श्रद्धांजलि दी।

क्रिमिनल एंड रेवेन्यू बार एसोसिएशन के अध्यक्ष देवेंद्र नाथ मिश्रा ने कहा कि अधिवक्ताओं की समस्याओं का समाधान उनकी प्राथमिकता में है। उन्होंने कहा कि न्यायालय से जुड़ी समस्याओं के समाधान के लिए वे आगे भी पूरी मजबूती से प्रयास करते रहेंगे।

प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अश्वनी कुमार दूबे ने बुजुर्ग अधिवक्ताओं के सम्मान समारोह को अनोखा और सराहनीय पहल बताया। वहीं विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट प्रथमकांत ने शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए कहा कि बलिया के अधिवक्ताओं को कर्मयोगी के रूप में प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित करना बेहद सराहनीय है। उन्होंने इसे किसी बार एसोसिएशन द्वारा आयोजित ऐतिहासिक कार्यक्रम बताया।

इस अवसर पर सिविल एवं क्रिमिनल बार एसोसिएशन के अध्यक्ष मंडल द्वारा जिला जज अनिल कुमार झा को गणेश जी की प्रतिमा एवं अंगवस्त्रम भेंट कर सम्मानित किया गया। इस दौरान उनके ईमानदार एवं सराहनीय कार्यों की प्रशंसा भी की गई। साथ ही बुजुर्ग अधिवक्ताओं को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में विशेष न्यायाधीश एससी/एसटी प्रमोद कुमार गंगवार, एडीजे फोर्थ सैफ अहमद, विशेष न्यायाधीश रामकृपाल, अपर न्यायाधीश परिवार न्यायालय कमला पति, सीजेएम शैलेष पांडेय, सिविल जज सीनियर डिवीजन गार्गी शर्मा, एसीजेएम प्रथम नवनीत कश्यप, सिविल जज सीनियर डिवीजन एफटीसी पंकज कुमार पांडेय, सिविल जज जूनियर डिवीजन पूर्वी सृष्टि त्रिपाठी, सिविल जज जूनियर डिवीजन पश्चिमी स्निग्धा प्रधान, न्यायिक दंडाधिकारी द्वितीय प्रियंका यादव, सिविल जज जूनियर डिवीजन एफटीसी सुरभि सिंह, सिविल जज जूनियर डिवीजन एफटीसी थर्ड विवस्वान प्रकाश सहित अन्य न्यायिक अधिकारी एवं अधिवक्ता मौजूद रहे।

कार्यक्रम का संचालन अधिवक्ता रतन प्रकाश मिश्रा ने किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *