जिला जज ने हरी झंडी दिखाकर रवाना किया प्रचार वाहन, छह तहसीलों में बताएगा राष्ट्रीय लोक अदालत का महत्व।

Spread the love

 

त्रिभुवन नाथ यादव, एडवो-
विधि संवाददाता, बलिया

बलिया /आगामी 12 सितंबर 2026 को दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित होने वाली राष्ट्रीय लोक अदालत के व्यापक प्रचार-प्रसार के लिए जिला एवं सत्र न्यायाधीश अनिल कुमार झा ने न्यायिक अधिकारियों एवं अधिवक्ताओं की मौजूदगी में प्रचार वाहन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया।
प्रचार वाहन जनपद की सभी छह तहसीलों का भ्रमण करेगा और लोगों को राष्ट्रीय लोक अदालत के महत्व, उपयोगिता तथा इसमें मामलों के सरल एवं त्वरित निस्तारण की जानकारी देगा।
इस अवसर पर सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण/न्यायाधीश चंद्र प्रकाश तिवारी ने बताया कि प्रचार वाहन दीवानी न्यायालय परिसर से रवाना होकर जनपद के विभिन्न तहसील क्षेत्रों में पहुंचेगा। इसके माध्यम से आम लोगों को बताया जाएगा कि आपसी समझौते के आधार पर अनेक विवादों का स्थायी समाधान लोक अदालत के माध्यम से कराया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि पारिवारिक विवाद, जमीनी विवाद, बिजली, टेलीफोन, टैक्स, चेक बाउंस सहित ऐसे मामलों, जिनका समाधान समझौते के आधार पर संभव है, उन्हें राष्ट्रीय लोक अदालत में निस्तारित कराया जा सकता है। लोक अदालत में मामलों का समाधान आपसी सहमति और समझौते के आधार पर होने के कारण पक्षकारों को लंबे समय तक चलने वाली न्यायिक प्रक्रिया से राहत मिलती है।


सचिव ने कहा कि लोक अदालत का निर्णय अंतिम होता है तथा उसके विरुद्ध सामान्यतः अपील या रिवीजन का प्रावधान नहीं होता। इसलिए लोक अदालत के माध्यम से होने वाला समझौता पक्षकारों के लिए प्रभावी एवं स्थायी समाधान का माध्यम है।
प्रचार वाहन रवाना किए जाने के दौरान एडीजे प्रमोद कुमार गंगवार, एडीजे सैफ अहमद, एडीजे रामकृपाल, एडीजे हरीश कुमार, प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय अश्वनी कुमार दूबे, अपर न्यायाधीश परिवार न्यायालय कमला पति, नोडल अधिकारी/विशेष न्यायाधीश पॉक्सो कोर्ट प्रथमकांत, सीजेएम शैलेष पांडेय समेत अन्य न्यायिक अधिकारी मौजूद रहे।
इसके अलावा बार एसोसिएशन के पदाधिकारी एवं अधिवक्तागण, न्यायालय कर्मचारी, सुरक्षाकर्मी, पैरालीगल वालंटियर्स सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *