बलिया के डॉ. इफ्तेखार खां को मिला राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार, 5 सितंबर को राष्ट्रपति करेंगी सम्मानित।

Spread the love

 

बलिया से दिल्ली तक गूंजा नाम, डॉ. इफ्तेखार खां को मिलेगा राष्ट्रीय शिक्षक सम्मान।

बलिया /जिले के लिए गौरव की खबर है। राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार (National Teacher Award) 2026 के लिए बलिया के राजकीय इंटर कॉलेज के कला शिक्षक डॉ. इफ्तेखार खां का चयन हुआ है। शिक्षा मंत्रालय के स्कूली शिक्षा एवं साक्षरता विभाग की ओर से जारी चयनित शिक्षकों की सूची में डॉ. इफ्तेखार खां का नाम शामिल होने के बाद जिलेभर में खुशी की लहर दौड़ गई।
राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के तहत 5 सितंबर, शिक्षक दिवस के अवसर पर नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्वारा डॉ. इफ्तेखार खां को सम्मानित किया जाएगा। कला शिक्षा के क्षेत्र में उनके उत्कृष्ट योगदान और उल्लेखनीय कार्यों को देखते हुए उनका चयन जिले के लिए बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है।
डॉ. इफ्तेखार खां वर्ष 1998 से राजकीय इंटर कॉलेज, बलिया में कला शिक्षक के रूप में सेवाएं दे रहे हैं। मूल रूप से सिकंदरपुर तहसील क्षेत्र के किकोढ़ा गांव निवासी डॉ. इफ्तेखार खां वर्तमान में शहर की कलेक्ट्रेट कॉलोनी में रहते हैं।
कला के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाने वाले डॉ. इफ्तेखार खां को इससे पहले भी कई पुरस्कारों और सम्मानों से नवाजा जा चुका है। उनकी कला प्रतिभा और विद्यार्थियों को कला के क्षेत्र में आगे बढ़ाने के प्रयासों ने उन्हें जिले में एक विशिष्ट पहचान दिलाई है।
शैक्षिक रूप से भी डॉ. इफ्तेखार खां की उपलब्धियां उल्लेखनीय हैं। बीएससी की शिक्षा पूरी करने के बाद उन्होंने वाराणसी स्थित काशी विद्यापीठ विश्वविद्यालय से बैचलर ऑफ फाइन आर्ट्स (BFA) और मास्टर ऑफ फाइन आर्ट्स (MFA) की डिग्री हासिल की। इसके साथ ही उन्होंने पीएचडी भी की है।
इसी वर्ष उनकी पुस्तक का भी प्रकाशन हुआ है। कला के क्षेत्र में लंबे समय से सक्रिय डॉ. इफ्तेखार खां की उपलब्धियों में राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार का जुड़ना बलिया के लिए गौरव का विषय है। उनके चयन की जानकारी मिलते ही शिक्षकों, विद्यार्थियों, कला प्रेमियों और शुभचिंतकों ने उन्हें बधाई देते हुए खुशी जताई।
डॉ. इफ्तेखार खां का राष्ट्रीय शिक्षक पुरस्कार के लिए चयन न सिर्फ उनके व्यक्तिगत योगदान का सम्मान है, बल्कि बलिया की शिक्षा और कला जगत के लिए भी गौरवपूर्ण उपलब्धि है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *