बलिया /बलिया रेलवे स्टेशन पर जीआरपी पुलिस ने शराब तस्करी के आरोप में गरीब नवाज एक्सप्रेस के कोच अटेंडेंट राहुल कुमार राम को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, आरोपी उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर ट्रेन के जरिए बिहार ले जाता था और वहां ऊंचे दामों पर बेचता था।
पिट्ठू बैग से मिली दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें
जीआरपी पुलिस के मुताबिक रेलवे स्टेशन पर चलाए जा रहे चेकिंग अभियान के दौरान एक संदिग्ध व्यक्ति को पकड़ा गया। तलाशी के दौरान उसके पिट्ठू बैग से दो दर्जन से अधिक शराब की बोतलें बरामद हुईं।

पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह ट्रेन नंबर 15716 गरीब नवाज एक्सप्रेस में कोच अटेंडेंट के रूप में काम करता है। पुलिस के अनुसार, वह उत्तर प्रदेश से शराब खरीदकर ट्रेन के माध्यम से बिहार ले जाता था और वहां शराबबंदी के कारण अधिक कीमत मिलने का फायदा उठाकर उसे बेचता था।
लंबे समय से तस्करी का आरोप
पुलिस का दावा है कि आरोपी कथित तौर पर लंबे समय से इस तरीके से शराब बिहार पहुंचा रहा था। ट्रेन में कर्मचारी होने का फायदा उठाकर वह शराब को बिहार तक ले जाता था।
थाना प्रभारी राज कपूर सिंह ने बताया कि आरोपी राहुल कुमार राम के खिलाफ आबकारी अधिनियम की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर उसे न्यायालय के समक्ष पेश करने के बाद जेल भेज दिया गया है।
जीआरपी अब इस बात की भी जांच कर रही है कि शराब तस्करी के इस कथित नेटवर्क में आरोपी के अलावा ट्रेन के अन्य कर्मचारी या लोग भी शामिल हैं या नहीं।