जुलूस में नई परंपरा पर रोक, तेज DJ और हथियारों के प्रदर्शन पर होगी कार्रवाई; ड्रोन-CCTV से होगी निगरानी
बलिया /ऐतिहासिक महावीरी झंडा जुलूस और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के संभावित जनपद आगमन को लेकर बलिया पुलिस-प्रशासन ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी है। शुक्रवार को पुलिस लाइन बलिया में जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जिले के सभी क्षेत्राधिकारियों, थाना प्रभारियों एवं शाखा प्रभारियों के साथ समीक्षा बैठक कर कानून-व्यवस्था और सुरक्षा तैयारियों की जानकारी ली।
बैठक में अधिकारियों को महावीरी झंडा जुलूस के दौरान शांति, सुरक्षा और सांप्रदायिक सौहार्द बनाए रखने के लिए कड़े दिशा-निर्देश दिए गए।

भारी वाहनों पर रोक, लागू होगा रूट डायवर्जन
जुलूस के दिन शहर और कस्बों में सुबह से ही भारी वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा। एंबुलेंस और फायर टेंडर जैसे आपातकालीन वाहनों को छोड़कर अन्य वाहनों के लिए निर्धारित रूट डायवर्जन व्यवस्था लागू की जाएगी।
परंपरागत मार्ग से ही निकलेगा जुलूस
सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिया गया कि महावीरी झंडा जुलूस अपने पूर्व निर्धारित एवं परंपरागत मार्ग से ही निकाला जाए। किसी भी नई परंपरा की अनुमति नहीं दी जाएगी।

तेज DJ और हथियारों के प्रदर्शन पर सख्ती
सुप्रीम कोर्ट और शासन की गाइडलाइन के अनुसार निर्धारित ध्वनि सीमा का पालन करना अनिवार्य होगा। तेज आवाज में DJ बजाने वालों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। वहीं जुलूस के दौरान किसी भी प्रकार के आपत्तिजनक, धारदार या अवैध हथियारों के प्रदर्शन पर पूरी तरह रोक रहेगी। अखाड़ों में केवल पारंपरिक खेल और कौशल का प्रदर्शन किया जा सकेगा।
CM के संभावित दौरे को लेकर सुरक्षा चाक-चौबंद
मुख्यमंत्री के संभावित VIP आगमन को देखते हुए हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल, जनसभा स्थल और आवागमन मार्ग पर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने के निर्देश दिए गए। कार्यक्रम स्थल पर पर्याप्त पुलिस बल, महिला पुलिसकर्मी और सादे कपड़ों में LIU कर्मियों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया।

ड्रोन और CCTV से होगी निगरानी
संवेदनशील एवं भीड़भाड़ वाले इलाकों में ड्रोन कैमरों और CCTV के माध्यम से लगातार निगरानी रखी जाएगी। किसी भी संदिग्ध गतिविधि पर तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए गए हैं।
फुट पेट्रोलिंग के भी निर्देश
त्योहार की संवेदनशीलता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल, उपनिरीक्षक, महिला पुलिसकर्मी और PAC जवानों की तैनाती की गई है। सभी थाना प्रभारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में लगातार फुट पेट्रोलिंग करने के निर्देश दिए गए हैं।
पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह ने जनपदवासियों से अपील की कि महावीरी पर्व को आपसी भाईचारे, सामाजिक सौहार्द और शांतिपूर्ण माहौल में मनाएं। किसी भी अफवाह पर ध्यान न दें। संदिग्ध व्यक्ति या वस्तु दिखाई देने पर तत्काल स्थानीय पुलिस अथवा कंट्रोल रूम को सूचना दें।
बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक उत्तरी दिनेश कुमार शुक्ला, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा, सभी क्षेत्राधिकारी, प्रभारी निरीक्षक/थानाध्यक्ष तथा अन्य अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।