बलिया में गंगा का जलस्तर बढ़ा, निहोरा नगर के 50 घरों में घुसा पानी! DM ने मारा औचक निरीक्षण, 25 वार्डों में सर्वे के आदेश।

Spread the love

 

बलिया /गंगा नदी का जलस्तर बढ़ने से शहर के निहोरा नगर में बाढ़ का पानी घरों तक पहुंच गया है। सूचना मिलते ही जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने मंगलवार को बाढ़ प्रभावित क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर मौके पर स्थिति का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान लेखपाल और कानूनगो ने बताया कि वार्ड नंबर 24 के करीब 50 घरों में पानी पहुंच चुका है, जबकि वार्ड नंबर 11 में भी कुछ मकान प्रभावित हुए हैं। डीएम ने सभी प्रभावित वार्डों में तत्काल सर्वे कराने के निर्देश दिए। सर्वे में पानी से प्रभावित मकानों, सुरक्षित घरों और प्रभावित गर्भवती महिलाओं की जानकारी जुटाने को कहा गया।

ग्राम यारपुर के बाढ़ पीड़ितों ने डीएम से शिकायत की कि संबंधित लेखपाल क्षेत्र में निरीक्षण करने नहीं पहुंचे। ग्रामीणों ने जलभराव के कारण आवागमन में हो रही परेशानी की भी जानकारी दी। शिकायत को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित लेखपाल को चेतावनी नोटिस जारी करने के निर्देश दिए।

डीएम ने बाढ़ प्रभावित इलाकों में तत्काल नाव की व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा, ताकि ग्रामीणों को आवागमन में परेशानी न हो। वहीं, वजीरापुर गांव का विस्तृत सर्वे कराने के निर्देश देते हुए घरों की संख्या, प्रभावित मकानों, गर्भवती महिलाओं और घर छोड़कर अन्य स्थानों पर शिफ्ट हुए लोगों की सूची तैयार करने को कहा।

जिलाधिकारी ने नगर पालिका क्षेत्र के सभी 25 वार्डों का व्यापक सर्वे कराने के निर्देश दिए। साथ ही सिटी मजिस्ट्रेट को यह भी सुनिश्चित करने को कहा कि संबंधित लेखपाल नियमित रूप से बाढ़ प्रभावित क्षेत्रों में पहुंचकर लोगों की समस्याओं का जायजा ले रहे हैं या नहीं।

डीएम ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिया कि बाढ़ प्रभावित लोगों को राहत एवं आवश्यक सुविधाएं तत्काल उपलब्ध कराई जाएं और सर्वे कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

निरीक्षण के दौरान एडीएम अनिल कुमार, सिटी मजिस्ट्रेट आसाराम वर्मा, एसडीएम सदर, तहसीलदार समेत अन्य अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *