क्रिमिनल बार चुनाव में नहीं हटा एक भी प्रत्याशी, अध्यक्ष-महासचिव की जंग हुई रोचक।

Spread the love

 

त्रिभुवन नाथ यादव एडवो-
विधि संवाददाता बलिया

बलिया। क्रिमिनल एंड रेवेन्यू बार एसोसिएशन के वार्षिक चुनाव को लेकर सरगर्मी तेज हो गई है। नामांकन वापसी के अंतिम दिन किसी भी प्रत्याशी ने अपना पर्चा वापस नहीं लिया। ऐसे में अध्यक्ष, महासचिव समेत विभिन्न पदों पर चुनावी मुकाबला तय हो गया है और प्रत्याशी अधिवक्ताओं से संपर्क कर अपने पक्ष में मतदान की अपील कर रहे हैं।
चुनाव अधिकारी एवं वरिष्ठ अधिवक्ता हरेंद्र सिंह ने बताया कि आगामी 8 सितंबर 2026 को दीवानी न्यायालय स्थित क्रिमिनल बार एसोसिएशन भवन में सुबह 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक मतदान होगा। इसके बाद शाम 3:30 बजे से मतगणना शुरू होगी और परिणाम घोषित कर दिए जाएंगे।
अध्यक्ष पद पर शेषनाथ तिवारी, शैलेष कुमार सिंह, सुभाष चंद्र श्रीवास्तव और ओंकार सिंह के बीच मुकाबला है। वहीं महासचिव पद के लिए त्रिभुवन नाथ यादव, राधेश्याम पांडे, मिथिलेश कुमार सिंह उर्फ चमन, भुवाल जी सिंह और सुशील कुमार श्रीवास्तव मैदान में हैं। अध्यक्ष और महासचिव पद का मुकाबला खासा रोचक माना जा रहा है।
कोषाध्यक्ष पद पर सुनील कुमार पांडे और अभय नाथ चौहान आमने-सामने हैं। वरिष्ठ उपाध्यक्ष पद पर प्रदीप कुमार श्रीवास्तव ने एकमात्र नामांकन किया है।
उपाध्यक्ष (10 वर्ष से अधिक) पद पर गीतेश पांडे, अर्चना पांडे और पिंकी तिवारी, जबकि उपाध्यक्ष (10 वर्ष से कम) पद पर आदर्श कुमार सिंह, रणजीत प्रकाश त्रिपाठी, देवेंद्र कुमार रिंकू, देवेंद्र कुमार यादव और बलवंत कुमार सिंह चुनाव लड़ रहे हैं।
संयुक्त मंत्री के तीन पदों के लिए शिवजी चौबे, मिथिलेश कुमार सिंह और प्रमोद कुमार ने नामांकन दाखिल किया है। वरिष्ठ कार्यकारिणी (15 वर्ष से अधिक) पद पर फूलेंद्र सिंह, अशोक कुमार जायसवाल, घनश्याम प्रसाद, अनिल कुमार पांडे, विजय शंकर उपाध्याय और संतोष कुमार सिंह मैदान में हैं।
वहीं कनिष्ठ कार्यकारिणी (15 वर्ष से कम) पद के लिए राहुल कुमार ओझा, कृष्ण प्रताप यादव, कलामुद्दीन अंसारी, सुजाता, आशीष कुमार गौतम और श्याम मनोहर सिंह ने नामांकन किया है।
चुनाव अधिकारी हरेंद्र सिंह ने सभी प्रत्याशियों और मतदाताओं से शांतिपूर्ण एवं अनुशासित तरीके से चुनाव संपन्न कराने में सहयोग की अपील की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि चुनाव के दौरान किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
मतदान के लिए प्रत्येक मतदाता को अपना सीओपी नंबर वाला पहचान पत्र अथवा बार काउंसिल का प्रमाणपत्र साथ लाना अनिवार्य होगा। निर्धारित पहचान पत्र के अभाव में मतदाता को मतदान से वंचित किया जा सकता है।
चुनाव में सुरक्षा व्यवस्था के लिए जिला जज अनिल कुमार झा, सीजेएम शैलेष पांडे और पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह को भी अवगत कराया गया है, ताकि चुनाव शांतिपूर्ण और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराया जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *