बलिया /अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत हल्दी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस टीम ने हत्या के प्रयास से संबंधित मामले में वांछित चल रहे 21 वर्षीय आरोपी कृष्णा यादव को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस के अनुसार, 4 सितंबर 2026 को हल्दी थाना पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग के साथ वांछित अभियुक्त की तलाश कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने अगरौली ढाला के पास से दोपहर करीब 12:15 बजे कृष्णा यादव पुत्र वशिष्ठ उर्फ भुअर यादव, निवासी परसिया, थाना हल्दी, बलिया को गिरफ्तार किया।
आरोपी के खिलाफ थाना हल्दी में मु0अ0सं0 148/2026, धारा 109(1) और 352 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है। गिरफ्तारी के बाद पुलिस ने आवश्यक विधिक कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायालय भेज दिया।
यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक बलिया ओमवीर सिंह के निर्देशन, अपर पुलिस अधीक्षक दक्षिणी संजय वर्मा के पर्यवेक्षण तथा क्षेत्राधिकारी बैरिया आलोक गुप्ता और थानाध्यक्ष हल्दी राजू कुमार के नेतृत्व में की गई।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक सुभाष चन्द्र यादव, उपनिरीक्षक गंगा प्रसाद, मुख्य आरक्षी ध्रुवराज मौर्या, आरक्षी संदीप यादव और महिला आरक्षी तनू गुप्ता शामिल रहे।