प्रशासनिक न्यायमूर्ति डॉक्टर गौतम चौधरी ने राष्ट्रीय लोक अदालत का फीता काटकर किया उद्घाटन।

Spread the love

 

बलिया में राष्ट्रीय लोक अदालत का भव्य आयोजन,17 दंपतियों के विवाद सुलझाकर कराया गया समझौता।

त्रिभुवन नाथ यादव,एडवो-
विधि संवाददाता बलिया

बलिया /न्यायालय में लंबित एवं मध्यस्थता योग्य मामलों के आपसी सहमति और सौहार्दपूर्ण तरीके से शीघ्र निस्तारण के उद्देश्य से शनिवार को जिला दीवानी न्यायालय परिसर में राष्ट्रीय लोक अदालत का आयोजन किया गया। राष्ट्रीय लोक अदालत का उद्घाटन इलाहाबाद हाईकोर्ट के न्यायमूर्ति एवं बलिया के प्रशासनिक न्यायमूर्ति डॉ. गौतम चौधरी ने किया।

उद्घाटन कार्यक्रम के दौरान प्रशासनिक न्यायमूर्ति डॉ. गौतम चौधरी ने जिला जज अनिल कुमार झा, सीजेएम शैलेष पांडेय, अन्य न्यायिक अधिकारियों, जिलाधिकारी मंगलाप्रसाद सिंह एवं पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह के साथ मां सरस्वती के चित्र पर दीप प्रज्ज्वलित किया।
इस अवसर पर न्यायमूर्ति डॉ. गौतम चौधरी ने कहा कि “राष्ट्र के लिए मध्यस्थता अभियान-3.0” के माध्यम से पक्षकारों को लंबी न्यायिक प्रक्रिया से बचाते हुए संवाद और आपसी सहमति के आधार पर विवादों का समाधान उपलब्ध कराने पर जोर दिया जा रहा है। यह अभियान दिसंबर तक संचालित किया जाएगा।

जिला जज अनिल कुमार झा ने बताया कि राज्य विधिक सेवा प्राधिकरण के निर्देशन में चलाए जा रहे इस अभियान के तहत वैवाहिक एवं पारिवारिक विवाद, दीवानी वाद, मोटर दुर्घटना प्रतिकर वाद, बैंक एवं वित्तीय विवाद सहित अन्य मध्यस्थता योग्य मामलों को प्राथमिकता के आधार पर निस्तारण के लिए संदर्भित किया जा रहा है।

राष्ट्रीय लोक अदालत के दौरान प्रधान न्यायाधीश परिवार न्यायालय एवं अपर परिवार न्यायालय के न्यायाधीशों के प्रयास से 17 दंपतियों के वैवाहिक विवादों का समाधान कराया गया। आपसी सहमति के बाद दंपतियों को पुनः साथ रहने और विवादों से मुक्त होकर नई शुरुआत करने का अवसर मिला।

इसके बाद प्रशासनिक न्यायमूर्ति डॉ. गौतम चौधरी ने दीवानी न्यायालय परिसर में आयोजित राष्ट्रीय लोक अदालत के विभिन्न काउंटरों एवं स्टॉलों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने ‘वन नेशन, वन प्रोडक्शन’ जैसी सरकारी योजना के तहत लगाए गए सत्तू एवं बिंदी के स्टॉल का भी जायजा लिया। उन्होंने स्टॉल से करीब 500 रुपये के सत्तू और बिंदी खरीदी।

बिंदी उद्योग के बारे में जानकारी लेते हुए उन्होंने दुकानदार से बातचीत की। दुकानदार ने बताया कि बलिया की बिंदी और यहां का सत्तू देशभर में प्रसिद्ध है तथा यहां से विभिन्न स्थानों पर इसकी आपूर्ति होती है।कार्यक्रम के अंत में सचिव जिला विधिक सेवा प्राधिकरण एवं न्यायाधीश चंद्र प्रकाश तिवारी ने राष्ट्रीय लोक अदालत के सफल आयोजन में सहयोग करने वाले सभी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं अधिवक्ताओं के प्रति आभार व्यक्त किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *