बक्सर में CM के कार्यक्रम को लेकर बलिया में ट्रैफिक डायवर्जन, भारी वाहनों की एंट्री पर रोक; जानें पूरा रूट
बलिया /बिहार के मुख्यमंत्री के 23 सितंबर 2026 को बक्सर जिले के बक्सर प्रखंड में संभावित कार्यक्रम को देखते हुए बलिया पुलिस ने यातायात व्यवस्था में बदलाव किया है। अतिविशिष्ट एवं विशिष्ट महानुभावों के आवागमन को देखते हुए फेफना, चितबड़ागांव और नरही थाना क्षेत्रों से बक्सर की ओर जाने वाले भारी एवं मालवाहक वाहनों के साथ ऐसे वाहनों का परिचालन भी प्रतिबंधित रहेगा, जिनसे यातायात बाधित होने की संभावना है।
यह प्रतिबंध 22 सितंबर की मध्य रात्रि से 23 सितंबर की रात 8 बजे तक लागू रहेगा।
फेफना तिराहा:
फेफना से बक्सर की ओर जाने वाले सभी भारी वाहनों को रोका जाएगा। बैरिया, सिकंदरपुर या बांसडीह की ओर जाने वाले वाहन त्रिकालपुर तिराहा (गड़वार) से सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार होते हुए अपने गंतव्य की ओर जा सकेंगे।
चितबड़ागांव तिराहा:
चितबड़ागांव से बक्सर की ओर जाने वाले भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा। बैरिया, सिकंदरपुर और बांसडीह की ओर जाने वाले वाहन फेफना तिराहा से त्रिकालपुर तिराहा (गड़वार), सुखपुरा, बांसडीह और सहतवार होते हुए जाएंगे।
इन वाहनों को रहेगी छूट:
एम्बुलेंस, फायर टेंडर, मेडिकल वाहन, आवश्यक वस्तुओं से जुड़े डीजल-पेट्रोल वाहन, गैस वाहन तथा विशेष अनुमति प्राप्त वाहनों को इस डायवर्जन से छूट दी गई है।
बलिया पुलिस ने वाहन चालकों से निर्धारित डायवर्जन मार्ग का पालन करने और यातायात व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करने की अपील की है।