बलिया में कांग्रेस का बड़ा प्रदर्शन: CEC ज्ञानेश कुमार के खिलाफ पुतला फूंका, बर्खास्तगी और गिरफ्तारी की मांग।

Spread the love

 

बलिया। प्रदेश कांग्रेस नेतृत्व के आह्वान पर जिला कांग्रेस कमेटी बलिया ने सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त (CEC) ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी एवं गिरफ्तारी की मांग को लेकर प्रदर्शन किया। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष उमाशंकर पाठक के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने विरोध जताते हुए ज्ञानेश कुमार का पुतला दहन किया।

प्रदर्शन को संबोधित करते हुए पूर्व विधायक सुधीर राय ने आरोप लगाया कि मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के इशारे पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि चुनाव आयोग जैसी संवैधानिक संस्था का निष्पक्ष और स्वतंत्र रहना लोकतंत्र के लिए जरूरी है।

जिला अध्यक्ष उमाशंकर पाठक ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी ने 18 वर्ष की आयु में मतदान का अधिकार देकर युवाओं की लोकतांत्रिक भागीदारी मजबूत की थी। उन्होंने टी.एन. शेषन के कार्यकाल का उल्लेख करते हुए कहा कि चुनाव आयोग की निष्पक्षता और स्वतंत्रता लोकतंत्र की महत्वपूर्ण आधारशिला है।

कांग्रेस नेताओं ने SIR (विशेष गहन पुनरीक्षण) को लेकर भी सवाल उठाए। उमाशंकर पाठक ने आरोप लगाया कि SIR के नाम पर विपक्ष से जुड़े मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि किसी भी नागरिक को उसके मताधिकार से वंचित करना लोकतांत्रिक व्यवस्था के हित में नहीं है।

कांग्रेस नेताओं ने राहुल गांधी द्वारा चुनाव प्रक्रिया और मतदाता सूची की पारदर्शिता को लेकर उठाए गए सवालों का भी उल्लेख किया। पार्टी नेताओं का कहना है कि निर्वाचन प्रक्रिया में पारदर्शिता और मतदाता सूची की शुचिता सुनिश्चित की जानी चाहिए।

जिला कांग्रेस कमेटी ने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार की बर्खास्तगी एवं गिरफ्तारी की मांग दोहराते हुए कहा कि लोकतंत्र, संविधान और मताधिकार की रक्षा के मुद्दे पर पार्टी का विरोध जारी रहेगा।

प्रदर्शन में सच्चिदानंद तिवारी, रामप्रीत यादव, विजय ओझा, संतोष चौबे, सत्य प्रकाश उपाध्याय, जैनेन्द्र पाण्डेय मिंटू, अबुल फैज, परशुराम, अनुपमा सिंह, उषा सिंह,

वनीश चंद्र पाण्डेय,आरिफ खान,राशीद कमाल खाँ, सागर सिहं राहुल, अखिलेश कन्नौजिया, वीरेश तिवारी, वीर बहादुर सिंह, बब्लू शर्मा, अवधेश पाण्डेय, अरुण भारती, यश मिश्रा बंटी, कोकील राम, रवि प्रकाश उपाध्याय, रुपेश चौबे, राजेंद्र प्रसाद जाटव, खजांची राय, पारसनाथ वर्मा, विद्यापति तिवारी, राजीव पाण्डेय, विनोद सिंह, विजेंद्र पाण्डेय मुखिया, सिद्धनाथ तिवारी, सूर्यकांत यादव, गिरीश कांत मिश्र, संग्राम तिवारी, अमित उपाध्याय, अनिल पाण्डेय, राजेश राय, अशोक सिंह, नरेंद्र पाण्डेय, अमरनाथ, वंश बहादुर, अंजनी राम, राजनारायण उपाध्याय सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।

 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *