बलिया। जनसमस्याओं के त्वरित समाधान के लिए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने शुक्रवार को संवेदनशीलता का परिचय दिया। जनसुनवाई के दौरान लकवाग्रस्त महिला की परेशानी को देखते हुए उन्होंने रेडक्रॉस सोसायटी के माध्यम से तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध कराई। साथ ही मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत लंबित क्लेम के निस्तारण के लिए संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
जनसुनवाई में पहुंचीं गिरिजा देवी, बताई अपनी परेशानी

जिलाधिकारी अपने कार्यालय कक्ष में जनसुनवाई कर रहे थे। इसी दौरान ग्राम भरवलिया, धनौती, विकास खंड बेरुआरबारी निवासी स्वर्गीय हरिशंकर यादव की पत्नी गिरिजा देवी अपनी समस्याएं लेकर पहुंचीं। लकवाग्रस्त होने के कारण उन्हें आने-जाने में काफी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। इसके अलावा उन्होंने मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत क्लेम के भुगतान में आ रही समस्या से भी जिलाधिकारी को अवगत कराया।
तत्काल व्हीलचेयर उपलब्ध कराने के दिए निर्देश।
महिला की परेशानी को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह ने तत्काल पहल की। रेडक्रॉस सोसायटी के सहयोग से गिरिजा देवी को मौके पर ही व्हीलचेयर उपलब्ध कराई गई, जिससे उन्हें आवागमन में होने वाली परेशानियों से राहत मिल सके।
वहीं, मुख्यमंत्री कृषक दुर्घटना बीमा योजना के तहत लंबित क्लेम की समस्या को देखते हुए जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारी को आवश्यक कार्रवाई कर प्रकरण का नियमानुसार निस्तारण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
जरूरतमंदों की मदद के लिए प्रशासन की पहल
डीएम की इस त्वरित पहल से जरूरतमंद महिला को तत्काल सहायता मिली। यह कदम जनसमस्याओं के समाधान और जरूरतमंदों को राहत पहुंचाने के प्रति प्रशासन की संवेदनशीलता को दर्शाता है।
इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी (नमामि गंगे) राजित राम गुप्ता, रेडक्रॉस सोसायटी के शैलेन्द्र पाण्डेय, इंद्रभान यादव, सुनील कुमार सहित अन्य लोग उपस्थित रहे।