बलिया में व्यापार बंधु बैठक: डीएम के सख्त तेवर, अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के दिए निर्देश।

Spread the love

 

पारिखरा कुंज विहार कॉलोनी में खतरनाक बिजली लाइन पर मांगा स्पष्टीकरण।

जनसुविधाओं में लापरवाही बर्दाश्त नहीं: व्यापार बंधु बैठक में डीएम की चेतावनी।

बलिया /जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने बुधवार को विकास भवन सभागार में जिला स्तरीय व्यापार बंधु की बैठक की, जिसमें शहर की प्रमुख समस्याओं पर चर्चा करते हुए संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए। साथ ही महिला अस्पताल परिषद एवं चमन सिंह बाग रोड पर सुलभ शौचालय की कमी का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। दूर-दराज से आने वाली महिलाओं को हो रही असुविधा को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता नगर पालिका को निर्देश दिया कि शौचालय निर्माण का कार्य इसी सप्ताह पूर्ण कराया जाए। श्री अरविंद गांधी ने केवड़ा बाजार में सड़क पर ही बाजार लगने से पूरे दिन जाम की स्थिति बने रहने की समस्या रखी। उन्होंने सुझाव दिया कि बाजार को बलेउर मंडी में स्थानांतरित कर दिया जाए, जिससे जाम की समस्या समाप्त हो सके। इस पर जिलाधिकारी ने एसडीएम बांसडीह एवं बीडीओ बांसडीह को व्यापारियों के साथ बैठक कर आवश्यक कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वार्ड नंबर 10 में जगन्नाथ चौधरी की मूर्ति के दाहिनी ओर मार्ग पर बांस के सहारे विद्युत लाइन चलाए जाने का मामला भी सामने आया, जिससे जान-माल का खतरा बना हुआ है।

इस पर जिलाधिकारी ने कड़ी नाराजगी व्यक्त करते हुए अधिशासी अभियंता विद्युत वितरण खंड को शीघ्र स्थायी खंभे और लाइट की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसी प्रकार श्री मंजय सिंह ने पारिखरा कुंज विहार कॉलोनी में भी बांस-बल्ली के सहारे विद्युत लाइन संचालित होने की शिकायत की। मामले को गंभीर मानते हुए जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियंता विद्युत से स्पष्टीकरण तलब करते हुए तत्काल स्थायी व्यवस्था कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट कहा कि जनसुविधाओं से जुड़ी समस्याओं में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी विभाग समयबद्ध तरीके से कार्य पूर्ण करें। बैठक में संबंधित अधिकारी एवं समस्त व्यापार बन्धु उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *