“कब चलेगा बुलडोजर? पीड़ित का प्रशासन और सरकार से सीधा सवाल।
बलिया /जमीन के नाम पर 85 लाख रुपये की बड़ी ठगी का मामला जिले में सुर्खियों में है। थाना कोतवाली क्षेत्र के निराला नगर निवासी संतोष कुमार अग्रवाल ने आरोप लगाया कि संजय राय ने अपनी मां और मौसी को आगे कर सुनियोजित तरीके से उन्हें जाल में फंसाया। वर्ष 2020 से 2024 के बीच ग्राम देवकली और पटखौली की जमीन दिखाकर करीब 1.38 करोड़ रुपये का सौदा तय कराया गया। भरोसा दिलाने के लिए फर्जी खतौनी व अन्य दस्तावेज दिए गए और किस्तों में 85 लाख से अधिक की रकम ले ली गई।
जब रजिस्ट्री का समय आया तो आरोपी टालमटोल करने लगे। जांच में दस्तावेज फर्जी निकले और जमीन पर उनका कोई अधिकार नहीं पाया गया। आरोप है कि पैसा मांगने पर जान से मारने की धमकी दी गई।
19 दिसंबर 2025 को कोतवाली में मुकदमा दर्ज होने के बावजूद ढाई महीने बाद भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई। पीड़ित का आरोप है कि मामला विपक्षियों के दबाव में ठंडे बस्ते में डाला जा रहा है। उन्होंने जिलाधिकारी, पुलिस अधीक्षक और सरकार से निष्पक्ष जांच व जल्द कार्रवाई की मांग करते हुए।
पूछा—“आखिर मेरे मामलेमें बुलडोजर कब चलेगा?”
सीएम को पत्र भेजकर लगाई न्याय की गुहार
पीड़ित संतोष कुमार अग्रवाल ने मुख्यमंत्री को पत्र भेजकर पूरे मामले में हस्तक्षेप की मांग की है। उन्होंने बताया कि फर्जी खतौनी और कूट रचित दस्तावेजों के सहारे उनसे 85 लाख 9 हजार रुपये की ठगी की गई।
पत्र में उल्लेख किया गया है कि मुकदमा दर्ज होने के बाद भी आरोपी खुलेआम घूम रहे हैं, जिससे परिवार की सुरक्षा को खतरा बना हुआ है। पीड़ित ने आरोप लगाया कि प्रशासनिक स्तर पर मामले को गंभीरता से नहीं लिया जा रहा और प्रभावशाली लोगों के दबाव में कार्रवाई धीमी है।
उन्होंने मुख्यमंत्री से मांग की है कि आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी सुनिश्चित कराई जाए, ठगी की रकम वापस दिलाई जाए और पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों पर कड़ी कार्रवाई हो।