बलिया /जनपद बलिया के ग्रामसभा रामपुर महावल में टूटी सड़कों, जलभराव, नालियों की समस्या और जर्जर विद्यालय भवनों को लेकर ग्रामीणों ने आवाज उठाई है। ग्रामीणों ने जिलाधिकारी को प्रार्थना पत्र देकर समस्याओं का जल्द समाधान कराने की मांग की है।

ग्रामीणों का कहना है कि गांव में कई स्थानों पर सड़कें टूट चुकी हैं, जिससे लोगों को आवागमन में परेशानी हो रही है। बारिश के दौरान जलभराव की समस्या और गंभीर हो जाती है। वहीं, नालियों की समुचित व्यवस्था नहीं होने से गंदा पानी जमा रहता है।
ग्रामीणों ने विद्यालयों की खराब स्थिति पर भी चिंता जताई है। उनका कहना है कि जर्जर भवनों और बुनियादी सुविधाओं की कमी के कारण बच्चों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

ग्रामीणों ने प्रशासन से की ये प्रमुख मांगें:-
गांव की टूटी सड़कों का जल्द निर्माण कराया जाए।
जलनिकासी और नालियों की समुचित व्यवस्था हो।
जर्जर विद्यालय भवनों की मरम्मत कराई जाए।
गांव की अन्य बुनियादी समस्याओं का प्राथमिकता से समाधान किया जाए।
ग्रामीणों ने जिलाधिकारी से संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित कर समस्याओं का स्थलीय निरीक्षण कराने और जल्द कार्रवाई करने की मांग की है।
अब देखना होगा कि ग्रामीणों की इन समस्याओं पर प्रशासन कब तक कार्रवाई करता है।