जिले में बीमित किसानों को मिला मुआवजा, फार्मर रजिस्ट्री पर डीएम का जोर।

Spread the love

 

बलिया /खरीफ 2025 और रबी 2025-26 के अंतर्गत प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना एवं पुनर्गठित मौसम आधारित फसल बीमा योजना के तहत बीमित किसानों को डीबीटी माध्यम से देय क्षतिपूर्ति राशि का वितरण जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह एवं जिला अध्यक्ष संजय मिश्रा की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में किया गया। साथ ही चयनित लाभार्थी किसानों को प्रतीकात्मक (डम्मी) चेक वितरित किए गए। प्रमुख लाभार्थियों में हीरा सिंह (₹77,623.92), बच्चा सिंह (₹32,691.97), राम प्रवेश (₹20,961.01), रामनाथ उपाध्याय (₹22,514.07), रविशंकर उपाध्याय (₹22,530.17), जयश्री (₹22,519.35), बिंदु देवी (₹22,519.35), राजकुमार सिंह (₹21,779.70), रामायण सिंह (₹18,695.23) और बटकेश्वर सिंह (₹18,056.65) शामिल रहे।


जिलाधिकारी ने कहा कि जनपद में अभी फसल बीमा योजना का लाभ लेने वाले किसानों की संख्या अपेक्षाकृत कम है। उन्होंने जिला कृषि अधिकारी को निर्देश दिए कि अधिक से अधिक किसानों को योजना से जोड़ा जाए, ताकि उन्हें समय पर क्षतिपूर्ति का लाभ मिल सके। उन्होंने किसानों से अपील की कि वे अपने गांवों में ‘फार्मर रजिस्ट्री’ के प्रति जागरूकता फैलाएं। डीएम ने स्पष्ट किया कि जिन किसानों की फार्मर रजिस्ट्री होगी, वही प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि योजना का लाभ प्राप्त कर सकेंगे। इसके साथ ही जिलाधिकारी ने कृषि विभाग को निर्देशित किया कि किसानों की संख्या दो लाख से अधिक बढ़ाने, बीमा के लिए किए गए आवेदनों, स्वीकृत और निरस्त आवेदनों का पूरा डाटा उपलब्ध कराया जाए।

कार्यक्रम के दौरान किसानों ने अपनी समस्याएं भी रखीं, जिनके समाधान का आश्वासन जिलाधिकारी ने दिया। कार्यक्रम में सीडीओ ओजस्वी राज, मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन, उप कृषि निदेशक मनीष सिंह, जिला कृषि अधिकारी पवन कुमार प्रजापति, जिला उद्यान अधिकारी अलका श्रीवास्तव, अग्रणी जिला प्रबंधक सुशील कुमार गुप्ता सहित कृषि विभाग के अधिकारी, बीमा कंपनी के प्रतिनिधि और बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *