बलिया /उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड द्वारा संचालित माटीकला समन्वित विकास कार्यक्रम के तहत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए 15 दिवसीय माटीकला शिल्पकारी प्रशिक्षण हेतु आवेदन आमंत्रित किए गए हैं। इस योजना के अंतर्गत जनपद बलिया को 15 लाभार्थियों के चयन का लक्ष्य मिला है।
यह प्रशिक्षण मण्डलीय ग्रामोद्योग प्रशिक्षण केंद्र, धर्मागतपुर रतनपुरा (जनपद मऊ) में आवासीय एवं निःशुल्क रूप से प्रदान किया जाएगा। प्रशिक्षण के दौरान चयनित अभ्यर्थियों को 250 रुपये प्रतिदिन की दर से प्रशिक्षण भत्ता (प्रशिक्षवृत्ति) भी दिया जाएगा। आवेदन के लिए अभ्यर्थी की आयु 18 से 50 वर्ष के बीच होना अनिवार्य है। इच्छुक उम्मीदवार उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट upmatikalaboard.in पर जाकर 20 मई 2026 तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। आवेदन करते समय अभ्यर्थियों को अपना फोटो, जाति प्रमाण पत्र, आधार कार्ड, शैक्षिक योग्यता प्रमाण पत्र, राशन कार्ड एवं बैंक पासबुक की छायाप्रति अपलोड करनी होगी। ऑनलाइन आवेदन करने के बाद उसकी प्रिंटेड प्रति आवश्यक दस्तावेजों के साथ संलग्न कर जिला ग्रामोद्योग कार्यालय, उत्तर प्रदेश माटीकला बोर्ड, रामपुर उदयभान (बलिया) में जमा करना अनिवार्य होगा। अधिकारियों ने इच्छुक अभ्यर्थियों से समय पर आवेदन कर इस प्रशिक्षण का लाभ उठाने की अपील की है, जिससे वे माटीकला के क्षेत्र में स्वरोजगार के अवसर प्राप्त कर सकें। यह जानकारी जिला ग्रामोद्योग अधिकारी संस्कृति गुप्ता ने दी है।