जिला जेल निर्माण की प्रक्रिया तेज, 38 करोड़ में खरीदी जाएगी 25.286 हेक्टेयर भूमि।

Spread the love

 

बलिया /जिले में प्रस्तावित जिला जेल निर्माण को लेकर प्रशासनिक तैयारियां तेज हो गई हैं। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी त्रिभुवन ने बताया कि जिला जेल निर्माण हेतु चिन्हित भूमि का स्थलीय निरीक्षण एवं सीमांकन कार्य पूरा कर लिया गया है। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर सहित राजस्व विभाग की पूरी टीम मौके पर मौजूद रही।

राजस्व ग्राम नारायणपाली, घोसवाटी और खड़ीचा में चयनित भूमि के सभी कोनों का स्थलीय सत्यापन किया गया तथा सीमास्तंभ स्थापित करने के निर्देश दिए गए हैं। सीमास्तंभ लगाने का कार्य शनिवार से शुरू किया जाएगा।

प्रशासन के अनुसार जिला जेल निर्माण के लिए कुल 25.286 हेक्टेयर भूमि खरीदी जाएगी, जिसमें 1.303 हेक्टेयर सरकारी भूमि भी शामिल है। प्रस्तावित भूमि क्रय पर लगभग 38 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। भूमि खरीद की जिम्मेदारी जेल अधीक्षक को सौंपी गई है।

जिला जेल परियोजना से प्रभावित चार परिवारों को आवासीय पट्टा भी उपलब्ध कराया जाएगा। इस संबंध में उपजिलाधिकारी सदर को दो दिनों के भीतर आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं।

मुख्य राजस्व अधिकारी ने बताया कि जिला जेल निर्माण परियोजना के लिए अब तक 24 करोड़ रुपये की धनराशि प्राप्त हो चुकी है, जिससे निर्माण कार्य में तेजी आने की उम्मीद है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *