जिले में विकास कार्यों की समीक्षा, जून से शुरू होगा वैना-बाईपास कॉरिडोर के लिए किसानों का पंजीकरण।

Spread the love

 

बलिया /उत्तर प्रदेश सरकार के आयुष, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग के राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर मिश्र दयालु ने शनिवार को विकास भवन सभागार में लोक निर्माण विभाग के मार्ग एवं सेतु निर्माण कार्यों की वर्ष 2026-27 की कार्ययोजना और विकास कार्यों की समीक्षा बैठक की। बैठक में जनप्रतिनिधियों एवं जिला स्तरीय अधिकारियों के साथ जिले की सड़कों, पुलों, नहरों, विद्युत व्यवस्था और नगर विकास से जुड़े मुद्दों पर विस्तार से चर्चा की गई।

बैठक में विधानसभा बलिया क्षेत्र के वैना से बाईपास कॉरिडोर निर्माण को लेकर अधिकारियों ने जानकारी दी कि जून माह से किसानों का पंजीकरण शुरू किया जाएगा। वहीं नगरा-बरौली मार्ग तथा एनएच-31 देवरिया से हल्दी तक सड़क निर्माण कार्य को प्राथमिकता के आधार पर पूरा करने के निर्देश दिए गए।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने माल्देपुर से बन रहे बाईपास को महावीर घाट तक लगभग दो किलोमीटर जोड़ने के लिए एस्टीमेट तैयार करने को कहा। वहीं मंत्री दानिश आजाद अंसारी ने सिंचाई विभाग को सुखपुरा नहर से बसंतपुर तक सड़क चौड़ीकरण तथा सुखपुरा टंकी से गांव तक जाने वाली सड़क की मरम्मत कराने के निर्देश दिए। बसंतपुर नहर से सुखपुरा तक जर्जर सड़क को लेकर नाराजगी जताते हुए दोबारा निर्माण कराने को कहा गया।

बैठक में चिलकहर ब्लॉक के ग्राम सवरा में निर्माणाधीन पुल को चौड़ा करने, सिकंदरपुर-मनियर-लालगंज मार्ग को शीघ्र पूरा करने तथा बिहार से चांदपुर मार्ग पर अधूरे पुल निर्माण कार्य को जल्द पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए गए। बाढ़ खंड विभाग की नौ संचालित परियोजनाओं की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने बांध निर्माण कार्यों को प्राथमिकता देने को कहा।

सिंचाई विभाग की कार्यदायी संस्था को नहरों की सफाई में लापरवाही पर फटकार लगाते हुए जिले की सभी नहरों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने और उसकी सूची उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। जिला पंचायत राज अधिकारी को बांसडीह तहसील क्षेत्र में सरकारी जमीन पर हुए कब्जों को हटाने को कहा गया।

विद्युत विभाग को जर्जर तार बदलने, आवश्यक स्थानों पर ट्रांसफार्मर और खंभे लगाने तथा स्मार्ट मीटर को लेकर फैली भ्रांतियों को दूर करने के निर्देश दिए गए। वहीं नगर पालिका को बरसात से पहले शहर के सभी नालों की सफाई, पार्कों, स्मारकों और मूर्तियों की साफ-सफाई सुनिश्चित करने को कहा गया। बैठक में बताया गया कि शहर में 400 सफाई कर्मचारी तैनात हैं और नियमित रूप से कूड़ा उठान किया जा रहा है।

परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह ने शहर में सीसीटीवी कैमरे नहीं लगाए जाने पर नाराजगी जताते हुए कहा कि इसके लिए उनकी निधि से पांच करोड़ रुपये दिए जा चुके हैं, इसलिए कार्य में किसी प्रकार की लापरवाही न बरती जाए।

बैठक में अनुपस्थित पीडब्ल्यूडी एवं जल निगम नगरीय अधिकारियों द्वारा बिना अनुमति मुख्यालय छोड़ने पर जिलाधिकारी मंगला प्रसाद सिंह ने उनका एक दिन का वेतन रोकने के आदेश दिए। वहीं बेल्थरारोड मार्ग पर जल निकासी की समस्या से किसानों की फसल बर्बाद होने पर समाधान निकालने के निर्देश दिए गए।

प्रभारी मंत्री ने सीएमओ को जिला अस्पताल में एमआरआई मशीन स्थापना के लिए प्रस्ताव तैयार करने को कहा तथा सभी विभागों को विकास कार्यों को समयबद्ध ढंग से पूरा करने और जनप्रतिनिधियों की शिकायतों का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

बैठक में बांसडीह विधायक केतकी सिंह, रविशंकर उर्फ पप्पू भाई, पुलिस अधीक्षक ओमवीर सिंह, सीडीओ ओजस्वी राज, जिलाध्यक्ष संजय मिश्रा सहित कई अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *