बलिया में कटहल नाला निरीक्षण के दौरान सीआरओ सख्त, लापरवाही पर मुकदमे की चेतावनी…

Spread the love

 

बलिया। मानसून पूर्व जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से चल रहे कटहल नाला निर्माण एवं सुंदरीकरण कार्य की धीमी प्रगति पर जिला प्रशासन ने सख्त रुख अपनाया है। जिलाधिकारी के निर्देश पर मुख्य राजस्व अधिकारी (सीआरओ) त्रिभुवन ने शनिवार को कटहल नाला का निरीक्षण कर निर्माण कार्य की समीक्षा की।

निरीक्षण के दौरान कार्य की रफ्तार धीमी मिलने पर सीआरओ ने कार्यदायी संस्था सीएनडीएस के सहायक अभियंता को कड़ी चेतावनी दी। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिया कि मानसून से पहले कम से कम एक किलोमीटर नाले का निर्माण एवं सफाई कार्य हर हाल में पूरा किया जाए।

सीआरओ ने कहा कि यदि समय पर कार्य पूरा नहीं हुआ और बाढ़ अथवा जलभराव के कारण जनहानि या संपत्ति का नुकसान हुआ तो संबंधित अधिकारियों की जिम्मेदारी तय करते हुए मुकदमा दर्ज कराया जाएगा।

कार्य में तेजी लाने के लिए उन्होंने प्रतिदिन कम से कम 100 मजदूर लगाने तथा रोजाना प्रगति रिपोर्ट उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। साथ ही चेतावनी दी कि यदि ठेकेदार की ओर से किसी प्रकार की लापरवाही बरती गई तो उसके खिलाफ कठोर कार्रवाई की जाएगी।

प्रशासनिक निगरानी को प्रभावी बनाने के लिए उपजिलाधिकारी, तहसीलदार एवं नायब तहसीलदार का रोस्टर तैयार कर प्रतिदिन निरीक्षण और रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं।

अधिकारियों के अनुसार कटहल नाला का सुंदरीकरण कार्य ग्राम महावलपुर रामपुर महावल से ग्राम प्रबंधापुर तक लगभग दो किलोमीटर क्षेत्र में कराया जाएगा। नाले की चौड़ाई करीब 20 मीटर निर्धारित की गई है। इस परियोजना के लिए परिवहन मंत्री के प्रयास से लगभग 18 करोड़ रुपये की धनराशि स्वीकृत हुई है।

प्रशासन का कहना है कि कटहल नाला के सुंदरीकरण से जल निकासी व्यवस्था मजबूत होगी, जलभराव की समस्या कम होगी और स्वच्छता को बढ़ावा मिलेगा, जिससे शहर को नई पहचान मिलेगी।

निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी सदर, अधिशासी अभियंता सिंचाई, सहायक अभियंता सीएनडीएस तथा अधिशासी अधिकारी बलिया मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *