पुनरीक्षण के बाद बलिया में जुड़े 4.76 लाख नए मतदाता, कुल वोटर हुए 26,97,200
बलिया /त्रिस्तरीय पंचायत सामान्य निर्वाचन-2026 की तैयारियों के तहत कराए गए वृहद पुनरीक्षण एवं दावा-आपत्ति प्रक्रिया के बाद जनपद बलिया में मतदाताओं की संख्या में उल्लेखनीय वृद्धि दर्ज की गई है।
जिला निर्वाचन कार्यालय (पंचायत एवं नगरीय निकाय), बलिया द्वारा जारी रिपोर्ट के अनुसार वर्ष 2021 में जनपद में कुल 25,36,827 मतदाता थे। पुनरीक्षण अभियान के दौरान 4,76,346 नए मतदाताओं का नाम जोड़ा गया, जबकि 39,154 प्रविष्टियों में संशोधन किया गया। वहीं 3,15,973 मतदाताओं के नाम विभिन्न कारणों से विलोपित किए गए।
इन सभी परिवर्तनों के बाद वर्ष 2026 के लिए जनपद बलिया में कुल मतदाताओं की संख्या बढ़कर 26,97,200 हो गई है। इस प्रकार पिछले पंचायत चुनाव की तुलना में जिले के कुल मतदाताओं में 1,60,373 की शुद्ध वृद्धि दर्ज की गई है।
जिला निर्वाचन कार्यालय के अनुसार मतदाता सूची को अधिक सटीक और अद्यतन बनाने के उद्देश्य से यह विशेष पुनरीक्षण अभियान चलाया गया था, जिससे आगामी पंचायत चुनाव निष्पक्ष एवं पारदर्शी तरीके से संपन्न कराए जा सकें।