बलिया: दिशा समिति की बैठक में सांसद रमाशंकर राजभर सख्त, अधूरी योजनाएं जल्द पूरी करने के दिए निर्देश।

Spread the love

 

बलिया के विकास कार्यों की हुई समीक्षा, सांसद बोले—लापरवाही बर्दाश्त नहीं होगी।

बलिया /विकास भवन सभागार में गुरुवार को जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक मा० सांसद सलेमपुर की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में विभिन्न विभागों से जुड़े 101 एजेंडों की बिंदुवार समीक्षा की गई। सांसद ने अधूरी विकास योजनाओं को तय समय सीमा में पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित के कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी।

बैठक में जल जीवन मिशन की लंबित परियोजनाओं को शीघ्र पूरा करने, प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत एनएच-31 से टुटवरी-बघौना मार्ग सहित जर्जर सड़कों की मरम्मत एवं निर्माण, मालदह से मौनिया बाबा तक सड़क निर्माण तथा नहरों की पटरियों की मरम्मत में तेजी लाने के निर्देश दिए गए।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा के दौरान नगर पंचायत नगरा में तैयार 60 बेड अस्पताल और सीएचसी सुखपुरा के 50 बेड अस्पताल को जल्द संचालित करने तथा चिकित्सकों की तैनाती सुनिश्चित करने को कहा गया। जिलाधिकारी ने मुख्य चिकित्साधिकारी को सभी सीएचसी एवं पीएचसी का सर्वे कर 15 दिनों में समस्याओं की रिपोर्ट प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

सांसद ने जिले की बिजली व्यवस्था पर नाराजगी जताते हुए उमरपुर दियरा, नौरंगा, रामपुर असड़िया और रसड़ा क्षेत्र की अधूरी विद्युतीकरण योजनाओं को शीघ्र पूरा कर बिजली आपूर्ति शुरू कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बिजली व्यवस्था में सुधार लाना आवश्यक है।

बैठक में स्वयं सहायता समूहों से अधिक महिलाओं को जोड़ने, उन्हें प्रशिक्षण देने, मनरेगा से लाभान्वित करने तथा जीराबस्ती स्थित दूध डेयरी की समस्याओं के त्वरित समाधान पर भी जोर दिया गया।

प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) के तहत एनएच-31 के बांध पर रहने वाले पात्र झोपड़ीवासियों का सर्वे एक सप्ताह में पूरा कर आवास उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए। साथ ही बेल्थरारोड के काशीराम आवासों का हैंडओवर, सिकंदरपुर मंडी की सड़क मरम्मत, सोनबरसा मंडी का संचालन, किसानों को फसल क्षति मुआवजा, मलिकपुर-खंडवा मार्ग का निर्माण और सिकंदरपुर की पुरानी पानी टंकी से जलापूर्ति बहाल करने पर भी चर्चा हुई।

सिंचाई एवं बाढ़ विभाग को माल्देपुर के पास एनएच-31 पर कटान रोकने के लिए ठोकर निर्माण कराने तथा अवैध मिट्टी खनन के खिलाफ सख्त कार्रवाई करते हुए एफआईआर दर्ज कर वाहनों को सीज करने के निर्देश दिए गए। इसके अलावा बेल्थरारोड रेलवे स्टेशन मार्ग से अतिक्रमण हटाने, नरही सीएचसी के पास संचालित शराब की दुकान को स्थानांतरित करने और लंबित शहरी विकास योजनाओं को समय पर पूरा करने पर भी जोर दिया गया।

बैठक में सांसद , विधायक , , , पुलिस अधीक्षक , सीडीओ ओजस्वी राज, जनप्रतिनिधि एवं जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *